खुशखबरी: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र स्टेशन पर ठहराव करेगी 5 नई ट्रेनें, व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

कुरूक्षेत्र | धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की जनता के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. विकास और रेल कनेक्टिविटी को और ज्यादा बेहतर बनाने की दिशा में कुरूक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर 5 नई ट्रेनों की सौगात मिली है. इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी के रूप में और ज्यादा विकल्प मिलेंगे.

Train Railways

कुरूक्षेत्र रेलवे स्टेशन से होकर 5 नई ट्रेनें संचालित होगी. इससे यात्रियों को न केवल और ज्यादा विकल्प मिलेंगे बल्कि उत्तर भारत के कई प्रमुख और बड़े शहरों तक सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा. वहीं, अन्य राज्यों के लोगों के लिए भी धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में पहुंचना आसान बनेगा.

फिरोजपुर कैंट- दिल्ली वंदे भारत ट्रेन का तोहफा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर यानि कल फिरोजपुर कैंट- दिल्ली के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखा दी है. यह ट्रेन बीच रास्ते अंबाला कैंट स्टेशन के अलावा कुरूक्षेत्र और पानीपत स्टेशन पर भी ठहराव करेगी. इस ट्रेन के संचालन से कुरूक्षेत्र से दिल्ली का सफर कम समय में तय हो सकेगा.

4 अन्य ट्रेनों का भी कुरूक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर ठहराव दिया गया है, जिनमें अंब अंदौरा- रायपुर (हिसार) मेमू पैसेंजर, कुरुक्षेत्र- मदार खाटू श्यामजी मेला स्पेशल एक्सप्रेस, चंडीगढ़- उदयपुर सिटी एक्सप्रेस, कुरुक्षेत्र- फुलेरा एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं. इन ट्रेनों के संचालन से राजस्थान के कई शहरों तक आवागमन करना बेहद आसान हो जाएगा.

धार्मिक यात्रा के खुलेंगे नए द्वार

खासतौर पर चंडीगढ़- उदयपुर सिटी ट्रेन का संचालन पर्यटन के हिसाब से लाभकारी साबित होगा. धर्मनगरी कुरुक्षेत्र तीर्थ स्थलों के हिसाब से पर्यटन के लिए देशभर में प्रसिद्ध है, तो वहीं, झीलों की नगरी उदयपुर सिटी की पहचान भी एक ऐतिहासिक पर्यटन स्थल के रूप में होती है. ऐसे में दोनों शहरों के बीच सुपरफास्ट ट्रेन के संचालन से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि व्यापार और धार्मिक यात्रा के भी नए दरवाजे खुलेंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.