हरियाणा में किसानों का ऐलान, आज सड़कों पर उतरेगा हजारों किसानों का बाइक मार्च

कुरुक्षेत्र | प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में बुधवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में किसान संगठन बड़ा प्रदर्शन करने जा रहे हैं. देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) गुट, भाकियू शहीद भगत सिंह गुट, भाकियू पिहोवा समेत कई किसान संगठन संयुक्त रूप से मोटरसाइकिल रोष मार्च निकालेंगे. प्रदर्शन के दौरान किसान प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित ट्रेड डील को वापस लेने की मांग करेंगे. किसान संगठनों के अनुसार सुबह 10 बजे से जिले के अलग- अलग स्थानों पर कार्यकर्ता एकत्रित होने शुरू हो गए.

Kisan Toll Road Jam

कुरुक्षेत्र शहर में किसान थीम पार्क और पिपली अनाज मंडी में जुटेंगे. यहां से सभी संगठन संयुक्त रूप से मोटरसाइकिल रैली निकालते हुए जिला सचिवालय पहुंचेंगे. सचिवालय में उपायुक्त (DC) के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा.

पिहोवा में भी होगा प्रदर्शन

पिहोवा क्षेत्र में भी किसान संगठन विरोध प्रदर्शन करेंगे. यहां भाकियू के कार्यकर्ता पुरानी अनाज मंडी में एकत्रित होंगे. इसके बाद मोटरसाइकिल मार्च निकालते हुए SDM कार्यालय पहुंचेंगे और वहां प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे. किसान नेताओं का कहना है कि प्रदेशभर में ट्रेड डील के विरोध को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा.
किसान संगठनों का दावा है कि प्रस्तावित ट्रेड डील लागू होने से कृषि क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा. उनका कहना है कि इससे किसानों की उपज, बाजार व्यवस्था और आय प्रभावित हो सकती है.

मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन होगा तेज

संगठनों का आरोप है कि ऐसे समझौते किसानों के आर्थिक हितों के लिए नुकसानदायक साबित होंगे. इसी वजह से सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है.

भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन पीछे नहीं हटेगा. यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि विरोध कार्यक्रम की अगली कड़ी के रूप में किसान संगठन 21 जुलाई को दिल्ली कूच करेंगे. किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.