कुरुक्षेत्र | बतौर वित्त मंत्री वर्ष 2026- 27 का वार्षिक बजट पेश करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को 1 दर्जन से ज्यादा प्रोजेक्ट्स का तोहफा दिया है. इसमें कैथल से यमुनानगर सड़क मार्ग को फोरलेन किया जाएगा. खिलाड़ियों को होली पर्व पर बड़ी सौगात मिली है. बजट भाषण में मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र में नया खेल स्टेडियम बनाने का ऐलान किया है. इन दोनों ही प्रोजेक्ट्स को इसी साल पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
फोरलेन हाइवे का तोहफा
अपने बजट भाषण में मुख्यमंत्री ने कहा कि MDR- 119 कैथल से ढांड होते हुए कुरुक्षेत्र तक स्टेट हाइवे नंबर- 6 को कुरुक्षेत्र से लाडवा, रादौर होते हुए यमुनानगर तक फोरलेन बनेगा. इस सड़क मार्ग के फोरलेन निर्माण से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी. इस हाइवे को NH- 152D, NH- 44 और अंबाला- शामली एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा जिससे UP तक सफर करना सुरक्षित व आरामदायक हो जाएगा. इसके अलावा, लाडवा और थानेसर में नए रेस्ट हाउस का निर्माण किया जाएगा.
स्वास्थ्य सुविधाओं होगी बेहतर
सीएम ने बजट में घोषणा करते हुए कहा कि इस्माईलाबाद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड किया जाएगा. पिहोवा गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना होगी. शाहबाद में ESI डिस्पेंसरी खोलने की घोषणा की गई है. लाडवा के अंदर डायलिसिस सेंटर खोलने की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा की गई है.
लाडवा और पिहोवा में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे. थानेसर से पूर्व बीजेपी विधायक सुभाष सुधा ने बजट की तारीफों में कसीदे पढ़ते हुए कुरुक्षेत्र जिले को बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात देने पर हार्दिक आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले के लिए जिन प्रोजेक्ट्स की घोषणा हुई है उसमें खिलाड़ियों, आमजन के सुरक्षित सफर, स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती सभी का ध्यान रखा गया है.
