कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र (Kurukshetra) के गांव धंतौड़ी की रहने वाली गुंजन का चयन देश की दिग्गज धाविका पीटी उषा अकादमी में ट्रेनिंग के लिए हुआ है. अब केरल में होने वाली 800 मीटर की रेस में वह अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगी. इसी अकादमी से ओलंपिक जैसे बड़े मंच के लिए खिलाड़ी तैयार होते हैं. यहां उन्हें इंटरनेशनल लेवल की सुविधा दी जाएगी.
कोच 3 साल से दे रहे कोचिंग
गुंजन इस कामयाबी के पीछे अपने कोच चांद राम और पिता प्रदीप कुमार की मेहनत को मानती हैं. बता दें कि गुंजन के कोच चांद राम हरियाणा खेल विभाग में प्रशिक्षक हैं और बीते 3 सालों से उसे ट्रेनिंग दे रहे हैं. वहीं, पिता हर रोज सुबह शाम बेटी को प्रैक्टिस के लिए गांव से द्रोणाचार्य स्टेडियम लाते हैं, ताकि उसकी प्रैक्टिस निरंतर जारी रहे. कोच चांद राम ने जानकारी दी कि गुंजन की इस उपलब्धि से नर्सरी में प्रशिक्षण ले रहे बाकी बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी.
देश के लिए लाएंगी मेडल
उन्होंने कहा कि गुंजन के कुछ कर दिखाने के जुनून ने ही उसे पीटी उषा एकेडमी तक पहुंचाया है. हमें उम्मीद है कि भविष्य में उसका प्रदर्शन शानदार रहेगा और वह देश के लिए मेडल लेकर आएगी. इस विषय में जानकारी देते हुए जिला खेल अधिकारी (DSO) मनोज कुमार ने बताया कि गुंजन की मेहनत और लगन के बलबूते ही वह इस उपलब्धि को हासिल कर पाई है. हमें यकीन है कि वह देश के लिए मेडल जरूर लाएगी.
