कुरुक्षेत्र में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा रथ

कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शुक्रवार शाम इस्कॉन (International Society for Krishna Consciousness) की ओर से भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई. ब्रह्मसरोवर स्थित गौड़िया मठ से शुरू हुई यात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े. रथ की रस्सी खींचने के लिए भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला.

Rath Yatra

पूरे यात्रा मार्ग पर जय जगन्नाथ और हरे कृष्ण के जयघोष गूंजते रहे. श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रथ यात्रा का स्वागत किया. वहीं कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, फल और प्रसाद की व्यवस्था की.

लगाया गया राजभोग

रथ यात्रा शुरू होने से पहले ज्योतिसर स्थित इस्कॉन के श्री कृष्ण- अर्जुन मंदिर में भगवान की विशेष आरती और राजभोग लगाया गया. इसके बाद, भगवान जगन्नाथ को 56 प्रकार का विशेष भोग अर्पित किया गया. ऊंचे रथ पर विराजमान भगवान को क्रेन की सहायता से भोग चढ़ाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा. हरिनाम संकीर्तन और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया.

नए परिसर में विराजमान

इस धार्मिक आयोजन में कुरुक्षेत्र के अलावा कैथल, करनाल, पानीपत, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, रोहतक, सोनीपत और चंडीगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. वहीं उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, आंध्र प्रदेश और असम सहित कई राज्यों से आए भक्त भी रथ यात्रा में शामिल हुए. इस बार की रथ यात्रा को विशेष माना जा रहा है, क्योंकि श्री श्री गौर- निताई और श्री श्री जगन्नाथ- बलदेव- सुभद्रा महारानी नए मंदिर परिसर में विराजमान हुए हैं. रथ यात्रा का समापन सेक्टर- 13 स्थित कम्युनिटी सेंटर में देर रात धार्मिक कार्यक्रमों और भजन-कीर्तन के साथ होगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.