हरियाणा में अनूसूचित जाति वर्ग के लिए आई खुशखबरी, रविदास जयंती पर CM ने की बड़ी घोषणाएं

कुरुक्षेत्र | हरियाणा की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र जिले के गांव उमरी में संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन हुआ जिसमें सीएम नायब सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. उनके साथ इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, श्याम सिंह राणा, कृष्ण पंवार, विधायक रामकुमार कश्यप, विधायक भगवान दास कबीरपंथी, विधायक पवन खरखौदा, विधायक कृष्ण कुमार, अनुसूचित समाज के प्रदेशाध्यक्ष सत्य प्रकाश, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही.

CM Nayab Singh Saini

हरियाणा के CM की बड़ी घोषणाएं

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरू रविदास जी का जन्म 648 साल पहले माघ पूर्णिमा के पावन दिन काशी की पुण्यभूमि पर हुआ था. उनका व्यक्तित्व पूर्णिमा के चन्द्रमा की तरह शीतल एवं उज्ज्वल रहा. उनकी वाणी, आदर्श और शिक्षाएं अजर- अमर हैं. वे केवल अपने युग के संत नहीं थे, बल्कि हर युग के लिए मानवता के मार्गदर्शक हैं. उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने भक्ति आंदोलन से समाज सुधार किया, जिससे उस समय जाति-पाति, अंधविश्वास और ऊंच- नीच में उलझे समाज में एक नई जागृति आई.

अनुसूचित जाति के लिए खुशखबरी

संत गुरु रविदास जयंती पर बड़ी घोषणाएं करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि एक ही जगह पर पिछले 20 सालों से रह रहे अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को पॉलिसी बनाकर मालिकाना हक दिया जाएगा. वहीं, SC कम्पोनेंट प्लान की राशि को SC समाज के लिए ही प्रयोग करने के लिए विधानसभा सत्र में प्रावधान लाकर लागू किया जाएगा. इसके साथ ही, औद्योगिक व व्यावसायिक प्रयोग के लिए HSIIDC में पॉलिसी बनाकर छूट का प्रावधान किया जाएगा.

सीएम ने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग की नौकरियों में ग्रुप A और B में पदोन्नति व क्रीमीलेयर के मापदंडों को निर्धारित किया जाना है और इसके लिए सुझाव मांगे जाएंगे. उन्हीं सुझावों के आधार पर मांगों को पूरा किए जाने के प्रयास किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि गांव उमरी में 5 एकड़ जमीन पर गुरू रविदास धाम का निर्माण किया जाएगा और इसपर 124 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी. इस परियोजना के लिए प्रदेश सरकार ने पहले चरण में 90 करोड़ रुपए के कार्यों के लिए निविदा जारी की हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.