कुरुक्षेत्र | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र लाडवा के दौरे पर रहेंगे. यहां वे इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज (IGN) में आयोजित अंत्योदय मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कॉलेज सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुनेंगे. CM के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. कार्यक्रम स्थल और आसपास के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.

इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी यमुनानगर में आयोजित नशा विरोधी कार्यक्रम में शामिल हुए थे. उन्होंने नशा मुक्त हरियाणा का संदेश देते हुए मैराथन को हरी झंडी दिखाई और युवाओं के साथ स्वयं भी दौड़ लगाई.
सरकारी योजनाओं का लाभ
लाडवा में आयोजित अंत्योदय मेले में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा. साथ ही, आम लोगों को सरकार की नई और चल रही योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी. मेले में अलग- अलग विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां नागरिकों को विभिन्न सेवाओं और योजनाओं से जुड़ी जानकारी मिलेगी.
तैयारियां पूरी
CM कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याएं और शिकायतें भी सुन सकते हैं. इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक रिकॉर्ड के साथ मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों से कहा गया है कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी तैयारी के साथ कार्यक्रम में पहुंचें. अंत्योदय मेले के जरिए पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया जा सकेगा. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.