कुरूक्षेत्र | धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर से ट्रैफिक जाम के झंझट को दूर करने के लिए रिंग रोड का निर्माण किया जाएगा. इस रिंग रोड के बनने से पंजाब और यूपी सहित दूसरे राज्यों के लिए जाने वाले सभी छोटे- बड़े वाहन कुरूक्षेत्र शहर (Kurukshetra City) में प्रवेश करने की बजाय सीधे बाहर निकल जाएंगे. इससे शहर से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी, जिससे सड़क हादसों में भी कमी आएगी.

केंद्रीय सड़क मंत्री ने की थी घोषणा
कुरूक्षेत्र शहर के भीतर ट्रैफिक जाम की समस्या सालों से बनी हुई है और इसकी बड़ी वजह शहर में कोई भी बाईपास या रिंग रोड नही है. ऐसे में पंजाब- हरियाणा से NH- 44, यमुनानगर, करनाल तथा उत्तर प्रदेश जाने वाले सभी हल्के और भारी वाहन कुरूक्षेत्र शहर के अंदर से होकर गुजरते हैं. ऐसे में लोगों को इस भारी परेशानी से छुटकारा दिलाने के लिए रिंग रोड निर्माण का फैसला लिया गया है.
कुछ महीने पहले केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी कुरूक्षेत्र दौरे पर पहुंचे थे. उस दौरान लोगों की डिमांड पर उन्होंने रिंग रोड निर्माण की घोषणा की थी, जिसके बाद हरियाणा सरकार ने केन्द्रीय एजेंसी के साथ मिलकर सर्वे सहित दूसरे कामों को पूरा किया था. इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से मंजूरी प्रदान की जा चुकी है. हाल ही में सीएम नायब सैनी और नितिन गडकरी के बीच बैठक के बाद इस परियोजना के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. डीपीआर तैयार होने के बाद जमीन अधिग्रहण की प्रकिया शुरू की जाएगी.
इन हाइवे से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
कुरूक्षेत्र में प्रस्तावित रिंग रोड NH- 152D पिहोवा से शुरू होकर एमडीआर 119, NH- 44 और NH- 344 यमुनानगर को सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा. इससे वाहन चालकों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी और वे बिना ट्रैफिक जाम में फंसे कम समय में अपने सफर को पूरा करते हुए अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच सकेंगे.