कुरूक्षेत्र | धर्मनगरी कुरुक्षेत्र और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. खाटूश्याम (Khatushyam) धाम पर चल रहे फाल्गुनी मेले को देखते हुए रेलवे ने कुरूक्षेत्र- मदार (अजमेर) स्पेशल ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया है. इस ट्रेन में कुल 18 डिब्बे होंगे, जिसमें से दो कोच आरक्षित रहेंगे. रेलवे के इस फैसले से खाटूश्याम जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर आसान हो सकेगा.
यह रहेगा शेड्यूल
कुरूक्षेत्र- मदार स्पेशल ट्रेन बुधवार यानि आज से संचालित होगी और 12 मार्च तक चलेगी. यह ट्रेन आज रात करीब साढ़े 9 बजे कुरूक्षेत्र रेलवे स्टेशन से रवाना होकर वाया कैथल, नरवाना, जींद, रोहतक, झज्जर और रिंगस होते हुए अजमेर के मदार पहुंचेंगी, जबकि मदार से यह ट्रेन अगले दिन चलेगी.
कैथल जिले की बात करें, तो यहां से खाटूश्याम जाने के लिए कोई सीधी ट्रेन नही है. यहां से राजस्थान के अजमेर के ख्वाजा मुइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह व खाटू श्याम पर फाल्गुन माह में लगने वाले मेले में हजारों की संख्या में लोग जाते हैं. ऐसे में ट्रेन नंबर 09727/ 28, कुरूक्षेत्र- मदार स्पेशल ट्रेन के संचालन से इन लोगों को राहत पहुंचेगी. यह ट्रेन रात 10 बजे कैथल स्टेशन पर पहुंचेंगी और अगले दिन सुबह 8 बजे अजमेर पहुंचेगी.
सांसद की मांग पर लिया फैसला
कुरूक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी सांसद नवीन जिंदल ने रेल मंत्रालय से स्पेशल ट्रेन के संचालन की मांग की थी, जिसके बाद कुरूक्षेत्र- मदार स्पेशल ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया गया है. कैथल के रेलवे स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस ट्रेन का आज से संचालन शुरू हो रहा है. यह ट्रेन वाया रिंगस होकर गुजरेगी. ऐसे में कैथल से खाटूश्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इस ट्रेन के संचालन का फायदा मिलेगा.
