कुरुक्षेत्र | नव वर्ष के शुभ अवसर पर हरियाणा से खाटूश्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. इस खास मौके पर श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए रेलवे ने धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से खाटूश्याम के लिए स्पेशल ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखा दी है. इस ट्रेन का संचालन 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक रहेगा.

कुरुक्षेत्र से यह रहेगा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 09711, कुरूक्षेत्र- फुलेरा स्पेशल ट्रेन 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक कुरूक्षेत्र से रात साढ़े 11 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह साढ़े 8 बजे फुलेरा पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09712, फुलेरा- कुरूक्षेत्र स्पेशल ट्रेन 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक फुलेरा से सुबह साढ़े 9 बजे रवाना होकर रात 8 बजे कुरूक्षेत्र पहुंचेगी.
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कैथल, नरवाना, जींद, रोहतक, अस्थल बोहर, झज्जर, रेवाड़ी कुंड, अटेली, नारनौल, डाबला, नीम का थाना, कांवट, श्रीमाधोपुर, रींगस और रेनवाल स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इस ट्रेन के संचालन का हरियाणा के कई जिलों के लोगों के साथ- साथ राजस्थान के यात्रियों को भी फायदा पहुंचेगा.
यात्रियों ने जताई खुशी
कुरूक्षेत्र से रवाना होकर यह ट्रेन रात 12.52 बजे नरवाना और रात 01.23 बजे जींद जंक्शन पर पहुंचेंगी. भारतीय रेलवे (Indian Railways) की इस पहल पर खाटूश्याम जाने वाले श्रद्धालुओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें यात्रा के लिए बेहतर सुविधा का लाभ मिलेगा. स्पेशल ट्रेन के संचालन से अतिरिक्त भीड़- भाड़ से छुटकारा मिलेगा और सफर आरामदायक हो जाएगा.