Red Fort Violence: पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार हुआ दीप सिद्धू, थोड़ी देर में कोर्ट में पेशी

चण्डीगढ़| दीप सिद्धू को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आज ही के दिन यानी मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है. दीप सिद्धू बीतेदिनों 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान लालकिले पर हुई हिंसा मामले में मुख्य आरोपियों में से एक है. ऐसे में अब लगभग 15 दिन तक फरार रहने के बाद उसे दिल्ली पुलिस की तरफ से गिरफ्तार कर लिया गया है.

पंजाब के नजदीक जीरकपुर से किया दीप सिद्धू को गिरफ्तार

पुलिस की ओर से उसके ऊपर एक लाख रुपये का इनाम भी रखा गया था. ऐसे में अब पुलिस मुख्यालय के खुफिया सूत्रों के मुताबिक स्पेशल सेल की टीम ने उसे पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है. कहा जा रहा है कि उसे पंजाब के नज़दीक जीरकपुर नाम के इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. अब थोड़ी ही देर में उसे अदालत के सामने पेश किया जा सकता है. दिल्ली पुलिस के लिए बेहद ही बड़ी कामयाबी है.

दीप सिद्धू की महिला मित्र करती थी वीडियो अपलोड करने में मदद

दरअसल, पुलिस की गिरफ्त से दूर रहते हुए सिद्धू लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो के माध्यम से संदेश जारी कर रहा था. ऐसे में दावा किया गया है कि पंजाबी अभिनेता जो यह सभी वीडियो अपलोड करता है, उसके पीछे उसकी एक बेहद करीबी महिला मित्र है जो इस समय पर कैलिफोर्निया में रहती है. वह लगातार उसकी सहायता कर रही है. साथ ही साथ हम आपको बता दें कि पुलिस के मुताबिक दीप सिद्धू यह सभी वीडियो बनाता था और उसे उसकी महिला मित्र और अभिनेत्री अलग अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया करती थी. कुछ इस अनोखे तरीके से महिला मित्र दीप सिद्धू की सहायता कर रही थी.

हाल ही में किया था एक वीडियो जारी

हाल ही में पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया है. यही उसके लिए सबसे बड़ी वजह है कि उसे किसी बात का कोई डर नहीं है. वह मामले से जुड़े सभी सबूत जुटा रहा है और दो दिन के बाद ख़ुद ही पुलिस के सामने पेश हो जाएगा. उसने जांच एजेंसियों से उसके परिवार को परेशान न करने के लिए भी वीडियो संदेश में अपील की थी.

जानें, कौन है दीप सिद्धू 

दीप सिद्धू एक पंजाबी अभिनेता है. दीप सिद्धू का जन्म वर्ष 1984 में पंजाब के मुक्तसर जिले में हुआ और फिर उसने आगे कानून की पढ़ाई हासिल की. यहां आपको जान कर हैरानी होगी कि दीप किंगफिशर मॉडल हंट का विजेता भी रह चुका है और साथ ही साथ में मिस्टर इंडिया कॉन्टेस्ट में मिस्टर पर्सनैलिटी का खिताब अपने नाम कर चुका है. उस समय पर शुरूआत में मॉडलिंग में लक आजमाया, किन्तु कामयाबी नहीं हासिल हुई.

खालिस्तान समर्थक होने का आरोप, एनआईए ने भेजा था नोटिस  

दीप सिद्धू किसान आंदोलन में लगातार दो महीनों से अपने स्तर पर काम कर रहा था. थोड़े दिन पहले दीप को सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के साथ रिश्तों को लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने नोटिस भी जारी किया था. दीप ने पिछले साल आंदोलन के समय पर किसान यूनियन के नेतृत्व पर भी सवाल खड़े किए थे.

 

Avatar of Vanshika
Vanshika
View all posts