नई दिल्ली | कुछ लोग ऐसे होते हैं जिन्हें सिले-सिलाए कपड़े पसंद आते हैं. वहीं कुछ लोग ऐसे होते हैं जो खुद कपड़े सिलवाकर पहनना पसंद करते हैं. अगर आपको इन दोनों में से किसी भी प्रकार के कपड़े पसंद आते हैं तो राजधानी की एक मार्केट है जो आपके लिए किसी खजाने से कम साबित नहीं होगी. दरअसल ये मार्केट राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में स्थित शंकर मार्केट है. यहां बड़े-बड़े डिजाइनर, बुटीक ओनर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तक कपड़े और बाकी सामान की खरीदारी के लिए आते हैं.
आजादी के बाद बना ऐतिहासिक बाजार
जो लोग खुद से कपड़े सिलवाकर पहनते हैं उनके अलावा फैशन के शौकीनों के लिए भी यह मार्केट काफी खास है. 50 साल पुरानी इस मार्केट के बारे में एक और मजेदार बात यह है कि जब देश आजाद हुआ और कनॉट प्लेस का विस्तार हुआ था, तब इस मार्केट की स्थापना हुई थी. शुरुआत में हनुमान मंदिर के बाहर पटरी पर यहां सामान बेचा जाता था. लेकिन समय बीतने के साथ-साथ यहां दुकानें डेवलप होती रहीं और यह एक बड़े बाजार के रूप में उभरकर सामने आया, इसे 8 ब्लॉक में बांटा गया है.
हर रेंज और क्वालिटी का माल
खास बात यह है कि यहां पर डेढ़ सौ रुपए से लेकर हजारों रुपए तक के कपड़े मिल जाते हैं. यहां मिलने वाले कपड़ों की क्वालिटी भी काफी अच्छी होती है. सलवार, सूट, कोट, पैंट और लड़के-लड़कियों के लिए अलग-अलग प्रकार के फैशन मटेरियल यहां पर आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं. बड़े-बड़े डिजाइनर, बुटीक ओनर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर यहां खरीदारी के लिए आते हैं. यहां आपको हर प्रकार के फैशन ट्रेंड्स के अनुरूप कपड़ा मिल जाता है.
सुबह से शाम खुलता है बाजार
यहां हर प्रकार के सीजन के हिसाब से कपड़े तो मिल ही जाते हैं, साथ ही इनकी कीमत भी ज्यादा नहीं होती. यह मार्केट सुबह 10 बजे खुल जाती है और शाम 7:30 तक खुली रहती है. रविवार को यहां बाजार बंद रहता है. अगर आप यहां जाना चाहें तो आपके लिए सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन राजीव चौक पड़ेगा. यहां से आप कुछ कदमों की दूरी तय करके इस मार्केट तक पहुंच सकते हैं.
