महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा के नारनौल क्षेत्र से खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां गांव बड़कोदा बड़गांव ग्रामपंचायत की करीब 13 एकड़ जमीन पर जिलास्तरीय खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट को राज्य सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है, जिसके बाद दोनों गांवों के सरपंचों और आबादी ने स्थानीय बीजेपी विधायक ओमप्रकाश यादव का आभार व्यक्त किया.
युवाओं को मिलेगा फायदा
इस आधुनिक खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए सिंथेटिक ट्रैक, मल्टीपरपज इडोर हॉल, बैडमिंटन कोर्ट सहित कई अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. खिलाड़ियों के लिए पीने का पानी, साफ- सुथरे शौचालय, कुश्ती हॉल में मेट की सुविधा आदि की व्यवस्था की जाएगी. यहां पर खिलाड़ियों को गेम्स की तैयारियों के लिए अनुकूल माहौल मिलेगा तो क्षेत्र में खेल भावना को नई दिशा मिलेगी.
यह मंजूरी बीजेपी विधायक ओमप्रकाश यादव के निरंतर प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने क्षेत्र के एक समान विकास और युवाओं के उज्जवल भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया. यह प्रोजेक्ट क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. यहां पर खिलाड़ी अच्छे माहौल में अभ्यास कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे.
क्षेत्र का विकास प्राथमिकता
बीजेपी विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि नारनौल विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलता रहे. यह स्टेडियम आने वाले समय में जिले में खेलों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा. युवाओं को खेलों की तैयारियों के लिए बेहतर मंच मिलेगा. इससे खेल प्रतिभाएं निखर कर सामने आएगी.
