महेंद्रगढ़ में 5 सितंबर से शुरू होगी क्रिकेट लीग, भिड़ेंगी 8 टीमें; विजेता को मिलेंगे 2 लाख

महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में क्रिकेट प्रेमियों के लिए महेंद्रगढ़ प्रीमियर लीग (MPL) का आयोजन होने जा रहा है. नेक्स्टजेन क्रिकेट फाउंडेशन एवं स्पोर्ट्स सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता की शुरुआत 5 सितंबर से गांव पाली स्थित बीजेडीआरडी खेल स्टेडियम में होगी. लीग में जिले की कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी. टूर्नामेंट के मुकाबले हर सप्ताह शनिवार और रविवार को नवंबर तक खेले जाएंगे.

MPL Sports Criket

आयोजकों ने बताया कि लीग की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. उद्घाटन कार्यक्रम 5 सितंबर को सुबह 10 बजे आयोजित होगा. प्रतियोगिता के सभी मुकाबले आईपीएल की तर्ज पर कराए जाएंगे.

सुरक्षा के इंतजाम

आयोजन के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है. मैदान में एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी. दर्शकों और खिलाड़ियों के परिजनों के लिए स्टेडियम में विशेष वीआईपी बॉक्स तैयार किया गया है, जहां मुख्य अतिथि और परिजन बैठकर मैच देख सकेंगे. MPL में तलवाना सुपर किंग्स, अटेली रॉयल, महेंद्रगढ़ पैंथर्स, सुपर स्ट्राइकर्स खोड़, आदलपुर हैरिकेंस, टैगोर टाइटंस, बसई ब्लास्टर्स और जाट स्ट्राइकर्स हिस्सा लेंगी. लीग चरण के मुकाबलों के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी.

विजेता को 2 लाख का इनाम

प्रतियोगिता की विजेता टीम को 2 लाख रुपये, जबकि उपविजेता को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा. इसके साथ ही मैन ऑफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट बॉलर समेत कई व्यक्तिगत पुरस्कार भी खिलाड़ियों को दिए जाएंगे. उद्घाटन समारोह में महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव, नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव, उपायुक्त डॉ. अनुपमा अंजलि, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार, मार्केट कमेटी अटेली के अध्यक्ष दिनेश जेलदार, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेन और भारतीय कबड्डी खिलाड़ी सचिन तंवर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे.

पत्रकार वार्ता में MPL अध्यक्ष डॉ. विक्रांत यादव, समिति अध्यक्ष अरुण कुमार, डॉ. अजय यादव, अंकित बालदिया, रविकांत सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.