महेंद्रगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने मुश्किल परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए स्पॉन्सरशिप योजना चलाई है. सीएम नायब सैनी के दिशा- निर्देशों पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह योजना बाल कल्याण को ध्यान में रखते हुए संचालित की जा रही है.
4 हजार रुपए महीना मिलेगा लाभ
जिला कार्यक्रम अधिकारी संगीता यादव ने इस योजना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना उन बच्चों के लिए है, जो एकल अभिभावक यानि केवल अपनी मां के साथ रह रहे हैं या फिर जिनके माता- पिता गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं.
ऐसे बच्चे जिन्हें बाल कल्याण समिति द्वारा “देखरेख एवं संरक्षण” की श्रेणी में रखा गया है, उन्हें भी इस योजना के तहत 4 हजार रुपए प्रति महीना की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी. यह सहायता राशि जिला बाल संरक्षण इकाई के माध्यम से प्रदान की जा रही है.
आवेदन के लिए योग्यता
- प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों पर खरा उतरने वाले परिवारों के बच्चों को ही इस योजना का लाभ मिलेगा.
- ग्रामीण क्षेत्र में परिवार की सालाना आमदनी 72 हजार रुपए से कम होनी चाहिए, जबकि शहरी क्षेत्र में यह सीमा 96 हजार रुपए तय की गई है.
- लाभ लेने वाले परिवार में अधिकतम 2 बच्चे हो, जिनकी आयु 18 साल से कम हो.
- आवेदक बच्चे जिले के मूल निवासी होने चाहिए.
- बच्चे नियमित रूप से स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे हो.
- उपरोक्त सभी पात्रता पूरी हो रही है, तो बाल कल्याण समिति व अनुमोदन समिति द्वारा मंजूरी के बाद स्पॉन्सरशिप योजना के तहत सहायता राशि सीधे लाभार्थी तक पहुंचाई जाती है.
हर तीसरे महीने होगी निगरानी
अधिकारी सुषमा यादव ने बताया कि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद परिवारों को इस योजना का लाभ मिल सके, इसके लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मंदिर, बाजार, गांव और स्कूल जैसे सार्वजनिक स्थानों पर हर महीने जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते हैं.
उन्होंने बताया कि सहायता राशि मिलने के बाद भी त्रैमासिक निरीक्षण के माध्यम से लाभार्थियों की स्थिति की निगरानी की जाती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सहायता सही हाथों तक पहुंच रही है और उसका उपयोग बच्चों की देखभाल में हो रहा है.
