दिल्ली की 5 साल की आरिणी लाहोटी ने बनाया शतरंज में रिकॉर्ड, बनी सबसे कम उम्र की महिला FIDE-रेटेड खिलाड़ी

नई दिल्ली | कहते हैं कि प्रतिभा बचपन से ही दिखाई देना शुरू हो जाती है. ऐसा ही कुछ दिल्ली की 5 साल की शतरंज खिलाड़ी आरिणी लाहोटी (Chess Player Aarini Lahoti) के साथ हुआ है. छोटी सी उम्र में ही आरिणी लाहोटी ने वह कर दिखाया है जो बड़ों के लिए भी सपना ही रहता है. दरअसल आरिणी ने महज 5 साल की उम्र में 1551 रेटिंग पॉइंट का स्कोर कर दिया है. यह उसकी उम्र के हिसाब से काफी ज्यादा माना जा रहा है. इसे पाने के लिए कई खिलाड़ियों को सालों की मेहनत लग जाती है.

Chess Player Aarini Lahoti

इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज नाम

इसी कारण आरिणी का नाम अब इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया जा चुका है. अब वह देश की सबसे कम उम्र की महिला FIDE- रेटेड खिलाड़ी बन चुकी हैं. जिस उम्र में बच्चे खिलौनों से खेलना पसंद करते हैं, उस उम्र में आरिणी ने खिलौने की जगह शतरंज को अपने खेल के रूप में चुना. आरिणी ने मोहरों की चाल की बारीकियों को समझा और इस मुकाम को हासिल किया.

यह भी पढ़े -  विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए राहत, दिल्ली एयरपोर्ट पर खत्म हुई बोर्डिंग पास पर स्टाम्प की व्यवस्था

अप्रैल 2025 में दिल्ली के मेजर ध्यान चंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित हुए स्टेट चेस चैंपियनशिप में आरिणी ने भाग लिया था. इसमें उन्होंने U- 11, U- 9 और U- 7 गर्ल्स कैटेगरी में अपने से बड़े खिलाड़ियों के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. उसी समय आरिणी की खेल प्रतिभा को देखकर सब लोग हैरान रह गए थे.

रिकॉर्ड तोड़कर रचा नया कीर्तिमान

उन्होंने नेशनल U- 07 चैंपियनशिप (ओडिशा) और नेशनल U- 09 चैंपियनशिप (हरियाणा) में भाग लेकर जबरदस्त प्रदर्शन किया. अब उन्होंने पश्चिम बंगाल की शतरंज खिलाड़ी उधृति भट्टाचार्य का रिकॉर्ड तोड़कर नया कीर्तिमान रच दिया है. अब तक उधृति भट्टाचार्य को ही भारत की सबसे कम उम्र की FIDE- रेटेड महिला खिलाड़ी के तौर पर पहचान मिली थी.

अब आरिणी ने इस रिकॉर्ड को तोड़कर यह अपने नाम दर्ज करवा लिया. आरिणी के पिता सुरेंद्र लाहोटी का इस सफलता में काफी ज्यादा योगदान रहा है. वह खुद अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रहे हैं और वर्तमान में दिल्ली स्थित ब्लू बेल्स स्कूल इंटरनेशनल में बतौर स्पोर्ट्स कोच कार्यरत हैं.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts