नई दिल्ली | देशभर के 7 करोड़ से भी ज्यादा EPFO खाता धारकों के लिए सरकार अब एक नई सुविधा की शुरुआत करने जा रही है. श्रम मंत्रालय द्वारा इस नई पहल की शुरुआत अगले साल से की जा सकती है. अब खाताधारकों को अपने रुपए निकलवाने के लिए पुरानी और लंबी प्रक्रिया को फॉलो करने से पीछा छूट जाएगा क्योंकि अब वह एटीएम से ही अपने पैसों को निकलवा सकेंगे.
अगले साल से मिलेगी यह सुविधा
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, अगले साल जनवरी से जून के बीच इस नई सुविधा को लागू किया जा सकता है. हालांकि, अभी तक इस विषय में आधिकारिक सूचना जारी नहीं हुई है. केंद्रीय श्रम सचिव सुमिता डावरा की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, इन नियमों को लेकर हार्डवेयर अपडेट की प्रक्रिया जारी है और जनवरी 2025 से नए बदलाव देखने को मिल जाएंगे. इन नए नियमों को लागू हो जाने के बाद खाता धारक एटीएम से ही अपने खाते में जमा राशि को निकलवा पाएंगे. ईपीएफओ खाते में जमा रकम का केवल 50% हिस्सा ही निकलवाया जा सकेगा.
इन बातों का रखें ध्यान
- इस सुविधा की शुरुआत के बाद कर्मचारी, लाभार्थी और नॉमिनी ईपीएफओ के पैसे को एटीएम से निकलवा पाएंगे.
- शुरुआती तौर पर खाते में जमा कुल राशि का केवल 50% पैसा ही निकलवाया जा सकेगा.
- यदि किसी ईपीएफओ खाता धारक का निधन हो जाता है, तो ऐसे में नॉमिनी को एटीएम से पैसे निकलवाने की सुविधा दी जाएगी.
- मृत सदस्यों के परिवारों को EDLI स्कीम के तहत ₹7 लाख का बीमा क्लेम भी दिया जाएगा.
- उपरोक्त राशि को भी एटीएम से निकाला जा सकेगा.
- इस सुविधा के बाद, ईपीएफओ खाता धारक अपनी आपातकालीन आवश्यकताओं को भी तुरंत पूरा कर पाएंगे.
- बैंक खातों पर निर्भरता कम हो जाएगी और ई वॉलेट के माध्यम से डिजिटल भुगतान करना भी आसान हो जाएगा.
- इस प्रक्रिया में डिजिटल लेनदेन होगा, जिससे धनराशि की सिक्योरिटी भी सुनिश्चित होगी.
- साथ ही, धोखाधड़ी की संभावनाएं भी कम हो जाएंगी.
