नई दिल्ली | त्योहारों के मौसम में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटरा पहुंचते हैं। इस दौरान ट्रेनों में भीड़ बढ़ने से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में परेशानी होती है। अब रेलवे ने दिल्ली से कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इससे वहां जाने वाले लोगों तको परेशानी नहीं होगी।

भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच दो और स्पेशल ट्रेनें चलाने की अधिसूचना जारी की है। पहले से संचालित ट्रेन संख्या 04081/04082 के 12-12 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं।
चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
ट्रेन संख्या 04085 नई दिल्ली से 15 और 17 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे रवाना होगी। वापसी में 04086 कटरा से 16 और 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे चलेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 04485 नई दिल्ली से 18 और 20 अक्टूबर को दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी। वापसी में 04486 कटरा से 19 और 21 अक्टूबर को सुबह 10 बजे चलेगी। इसके अलावा, 04081 नई दिल्ली से 26 अक्टूबर से 6 नवंबर तक और 04082 कटरा से 27 अक्टूबर से 7 नवंबर तक 12-12 अतिरिक्त फेरे लगाएगी।
हरियाणा के यात्रियों को भी फायदा
स्पेशल ट्रेनें सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, ढंढारी कलां, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, कठुआ और जम्मू तवी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी। ट्रेन संख्या 04085 नई दिल्ली से दोपहर 2 बजे चलकर अगले दिन सुबह 3 बजे कटरा पहुंचेगी। वापसी में 04086 सुबह 10 बजे कटरा से रवाना होकर रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। 04085/04086 में 19 एलएचबी कोच और 04485/04486 में 17 कोच होंगे। वहीं, अतिरिक्त फेरे लगाने वाली 04081/04082 में 21 एलएचबी कोच रहेंगे।