नई दिल्ली | राष्टीय राजधानी दिल्ली में बाहर खाना खाने का प्लान हो तो एक व्यक्ति का बिल आसानी से 300 से 400 रुपए तक पहुंच जाता है. ऐसे में लक्ष्मी नगर में शुरू हुआ एक नया फूड स्टार्टअप अपनी कीमत को लेकर चर्चा में है. यहां महज 89 रुपए में पंजाबी थाली परोसी जा रही है. बता दें कि थाली में एक- दो नहीं बल्कि शाही पनीर, दाल मखनी और मिक्स वेज समेत कई चीजें शामिल हैं.
लक्ष्मी नगर स्थित एयम फूड (AM Food) की संचालक आरती के मुताबिक, उन्होंने कुछ दिन पहले ही यह स्टार्टअप शुरू किया है. ग्राहकों तक पहुंच बनाने के लिए अभी 89 रुपए वाली पंजाबी थाली का ऑफर दिया जा रहा है.
89 रुपए की थाली
इस पंजाबी थाली में शाही पनीर, दाल मखनी, मिक्स वेज, रायता, नान रोटियां, चटनी और सलाद दिया जा रहा है. संचालक का दावा है कि इतनी वैरायटी के साथ यह दिल्ली की सबसे सस्ती पंजाबी थाली है. इसके लिए ग्राहकों को दुकान पर पहुंचना जरूरी नहीं है. थाली को ऑनलाइन या कॉल करके भी ऑर्डर किया जा सकता है. संचालक के मुताबिक, ऑर्डर करने पर इसकी डिलीवरी फ्री रखी गई है.
मेट्रो स्टेशन से सिर्फ 300 मीटर दूर
अगर आप खुद जाकर इस पंजाबी थाली का स्वाद लेना चाहते हैं तो एयम फूड दिल्ली के लक्ष्मी नगर में स्थित है. यहां पहुंचने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन निर्माण विहार है. निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन से दुकान की दूरी करीब 300 मीटर बताई गई है. दुकान के खुलने का समय भी काफी लंबा रखा गया है. यहां सुबह 6:00 बजे से रात 3:00 बजे तक खाना मिल सकता है. ऐसे में सुबह से लेकर देर रात तक ग्राहक यहां पहुंच सकते हैं. फिलहाल, 89 रुपए वाली पंजाबी थाली नए स्टार्टअप के ऑफर के तहत दी जा रही है.
