नई दिल्ली | मानसून की फुहारों से दिल्ली में मौसम सुहाना हो चुका है. ऐसे में यदि आप अपने परिवार, बच्चों या दोस्तों के साथ कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं तो यह मौसम आपके लिए बेस्ट हो सकता है क्योंकि इस मौसम में न तो ज्यादा गर्मी है और ना ही ज्यादा ठंड है. घूमने फिरने के लिए यह मौसम बिल्कुल बेस्ट है. यदि आप हर बार मॉल आदि में घूम कर बोर हो चुके हैं, तो आप अपने परिवारजनों को दिल्ली के कुछ अच्छे पार्क और बाकी जगहों पर घुमा सकते हैं. यदि आप फोटोग्राफी के दीवाने हैं तो यहां आकर आपका दिन बन जाएगा.
अमृत उद्यान की करें सैर
आप अपने बच्चों या दोस्तों को लेकर राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान जा सकते हैं. 16 अगस्त से 14 सितंबर तक आम पब्लिक के लिए अमृत उद्यान को खोला गया है. यहां आपको सुंदर फूल और गार्डन के नज़ारों के साथ भरपूर सुकून मिलेगा. ध्यान रहे कि गेट नंबर 35 नॉर्थ एवेन्यू की तरफ से एंट्री करनी होगी. खास बात यह है कि यहां आने के लिए आपको पैसे खर्च नहीं करने होंगे लेकिन विजिट से पहले बुकिंग करानी होगी. सुबह 10:00 से शाम 6:00 बजे तक यह उद्यान खुला रहता है.
पुराने किले में घूमने का मज़ा
दिल्ली के पुराने किले में आप अपने परिवार या दोस्तों के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड कर सकते हैं. यहां आप वाटर राइड का भी आनंद ले सकते हैं. वीकेंड के समय पर यहां अच्छी खासी भीड़ जुटती है. दिल्ली ही नहीं, बल्कि आसपास के स्थानों से भी लोग यहां घूमने आते हैं. आपके बच्चों या परिवार जनों को यह जगह काफी पसंद आ सकती है.
साइंस म्यूजियम करें एक्सप्लोर
अगर आपके बच्चों का साइंस में जरा सा भी इंटरेस्ट है तो आपको दिल्ली स्थित साइंस म्यूजियम में जरूर जाना चाहिए. ब्लू लाइन पर बने सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास यह जगह स्थित है. यहां विज्ञान से जुड़ी कई रोचक चीजें देखने को मिल जाती हैं. सुबह 9:00 से 6:00 बजे तक यह म्यूजियम खुला रहता है. लेकिन यहां आपको 80 रुपये की टिकट खरीदनी पड़ती है.
