नई दिल्ली | हर महीने की पहली तारीख को देशभर में कुछ अहम बदलाव लागू होते हैं. इस बार अगस्त की शुरुआत में घरेलू नेचुरल गैस की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है. अगस्त 2025 के लिए इसकी नई कीमत 7.02 डॉलर प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट (bMtu) तय की गई है, जो पिछले महीने यानी जुलाई में 6.89 डॉलर प्रति bMtu थी. इस तरह करीब 2% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
इन पर पड़ेगा असर
ग्लोबल एनर्जी मार्केट की स्थिति और देश में बढ़ती डिमांड को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. इस बढ़ोतरी का असर उन कंपनियों पर साफ तौर पर पड़ेगा जो घरेलू गैस का उत्पादन और वितरण करती हैं. साथ ही, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों और अन्य उद्योगों की लागत भी बढ़ सकती है. इससे CNG और PNG की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा. खासकर उन पर जो वाहन ईंधन के रूप में CNG और घरेलू उपयोग के लिए PNG का इस्तेमाल करते हैं.
जारी हो चुका नोटिफिकेशन
31 जुलाई को पेट्रोलियम मंत्रालय की पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (PPAC) द्वारा जारी नोटिफिकेशन में बताया गया कि ONGC और ऑयल इंडिया लिमिटेड द्वारा उत्पादित नेचुरल गैस की अधिकतम कीमत अगस्त में 6.75 डॉलर प्रति bMtu होगी. गौरतलब है कि अप्रैल 2023 में सरकार ने गैस मूल्य निर्धारण नीतियों में बदलाव किया था. अब हर महीने के आखिरी दिन घरेलू गैस की नई कीमत तय की जाती है.
