नमो भारत ट्रेन से सफर के लिए रोज टिकट लेने का झंझट होगा खत्म, यात्रियों के लिए शुरू हुई नई सुविधा

नई दिल्ली | नमो भारत ट्रेन से रोजाना ऑफिस, कॉलेज या दूसरे काम के लिए एक ही रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को अब बार-बार टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने यात्रियों के लिए ट्रिप पास की सुविधा शुरू की है. इसमें यात्री अपनी जरूरत के अनुसार पहले से कई यात्राओं का ऑप्शन चुन सकेंगे.

Namo Bharat Rapid Rail Train

यह सुविधा स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों कोच के यात्रियों के लिए उपलब्ध है. इसमें 1 से लेकर 40 ट्रिप तक के विकल्प दिए गए हैं. इसका फायदा खासतौर पर उन यात्रियों को होगा, जिनका रोजाना आने-जाने का स्टेशन तय रहता है.

2 स्टेशनों के बीच चलेगा पास

ट्रिप पास सामान्य टिकट से अलग तरीके से काम करेगा. यात्री को पास लेते समय दो स्टेशन तय करने होंगे और इसका इस्तेमाल उन्हीं के बीच किया जा सकेगा. उदाहरण के लिए, किसी यात्री ने बेगमपुल से सराय काले खां के बीच ट्रिप पास लिया है तो पास इसी रूट के निर्धारित स्टेशनों के बीच मान्य होगा. निर्धारित स्टेशन से अलग जगह तक सफर करने पर सामान्य किराया NCMC के ग्लोबल वॉलेट से लिया जाएगा.

यात्री नमो भारत स्टेशनों पर ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन गेट के पास बने काउंटर से ट्रिप पास खरीद सकेंगे. बाद में इसका टॉप-अप इलेक्ट्रॉनिक किराया कार्यालय और टिकट वेंडिंग मशीन के जरिए किया जा सकेगा.

यह भी पढ़े -  गर्लफ्रेंड को खुश करने चला था बेचारा आशिक, एक तारीफ ने करवा दी फजीहत; पढ़ें वायरल Jokes

1 से 40 ट्रिप का मिलेगा ऑप्शन

यात्री अपनी यात्रा की जरूरत के अनुसार ट्रिप की संख्या चुन सकते हैं. इससे हर सफर से पहले QR टिकट लेने या बार-बार कार्ड और वॉलेट रिचार्ज करने की जरूरत कम होगी. NCRTC के लॉयल्टी प्रोग्राम के तहत NCMC कार्ड से नमो भारत में खर्च किए गए प्रत्येक रुपये पर एक लॉयल्टी प्वाइंट मिलता है. एक प्वाइंट का मूल्य 0.10 रुपये है. 300 लॉयल्टी प्वाइंट जमा होने पर इन्हें एक मुफ्त यात्रा के लिए रिडीम किया जा सकता है. इस व्यवस्था के तहत यात्रियों को यात्रा पर 10 प्रतिशत तक लाभ मिल सकता है.

रिफंड के लिए अलग नियम

ट्रिप पास खरीदने से पहले यात्रियों को उसके रिफंड नियमों पर भी ध्यान देना होगा. 10 यात्राओं वाला पास रिफंड नहीं किया जा सकेगा. वहीं, 15, 20 और 40 यात्राओं वाले पास में रिफंड का विकल्प मिलेगा. इसके लिए 200 रुपये प्रशासनिक शुल्क काटा जाएगा. इस सुविधा से नियमित यात्रियों को अपनी यात्राएं पहले से तय करने का ऑप्शन मिलेगा. खासकर रोजाना स्कूल, कॉलेज या दफ्तर के लिए नमो भारत का इस्तेमाल करने वाले यात्री अपनी जरूरत के अनुसार ट्रिप पास चुन सकेंगे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.