नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली विश्वविद्यालय में इस सत्र में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के पास अब एक आखिरी विकल्प बचा है. डीयू के नियमित कॉलेजों और एनसीवेब में प्रवेश प्रक्रिया खत्म होने के बाद स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन किए जा सकते हैं. नए विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण की अंतिम तारीख 30 सितंबर तय की गई है. इसके बाद नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
SOL प्रशासन ने विद्यार्थियों को अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है, ताकि तकनीकी या दस्तावेज संबंधी परेशानी के कारण उनका आवेदन न रुके.
1.33 लाख विद्यार्थी ले चुके हैं दाखिला
SOL में प्रवेश प्रक्रिया जून से चल रही है. अब तक इसके अलग-अलग स्नातक कार्यक्रमों में करीब 1.33 लाख विद्यार्थी दाखिला ले चुके हैं. हालांकि, दाखिलों का अंतिम आंकड़ा फीस भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामने आएगा. यहां विद्यार्थियों के लिए आवेदन और फीस भुगतान की अंतिम तारीख अलग-अलग है. नए विद्यार्थी केवल 30 सितंबर तक पंजीकरण करा सकते हैं. वहीं, जिनका पंजीकरण हो चुका है, वे 13 अक्टूबर तक अपनी फीस जमा कर सकेंगे. यानी 30 सितंबर के बाद फीस भुगतान जारी रहेगा, लेकिन नया रजिस्ट्रेशन नहीं होगा.
आवेदन के लिए ये 2 ID होना जरूरी
- DU SOL Admission 2026 के लिए विद्यार्थियों के पास अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट यानी ABC और डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो यानी DEB की ID होना जरूरी है.
- SOL प्रशासन के मुताबिक, DEB पोर्टल की समयसीमा समाप्त होने के बाद नया पंजीकरण संभव नहीं होगा. ऐसे में आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को जरूरी ID और दस्तावेज समय रहते तैयार रखने की सलाह दी गई है.
इन कोर्स में हुए सबसे ज्यादा दाखिले
कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो ने भी विद्यार्थियों से आवेदन के लिए अंतिम तारीख तक इंतजार नहीं करने की अपील की है. उनके मुताबिक, SOL के माध्यम से इस सत्र में डीयू से जुड़कर पढ़ाई करने का यह अंतिम अवसर है. इस बार SOL में सबसे अधिक दाखिले बीए प्रोग्राम, बीए प्रोग्राम राजनीति विज्ञान आनर्स और बीकॉम में हुए हैं.
