दक्षिण दिल्ली से गुरुग्राम कनेक्टिविटी को मिलेगा नया रास्ता, 4 KM सिग्नल- फ्री फ्लाईओवर को मंजूरी

नई दिल्ली | दक्षिण दिल्ली से गुरुग्राम जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. दरअसल, दिल्ली सरकार ने एसएसएन मार्ग पर 4 किलोमीटर लंबे सिग्नल- मुक्त फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी दे दी है. लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री परवेश साहिब सिंह ने यह जानकारी दी. मंत्री ने कहा कि यह इलाका दक्षिण दिल्ली के सबसे व्यस्त शहरी गलियारों में से एक है जहां अनुव्रत मार्ग पर सिग्नल के कारण लगातार यातायात बाधित होता है.

Flyover Highway

लाल बत्ती पर वाहनों के रुकने से भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है. उन्होंने यह भी बताया कि यहां अतिक्रमण की समस्या है और यह इलाका छतरपुर क्षेत्र के खेतों को जोड़ता है. शादियों के मौसम में ट्रैफिक जाम और भी गंभीर हो जाता है.

वाहनों का भार होगा कम

प्रस्तावित कॉरिडोर अनुव्रत मार्ग चौराहे से छतरपुर में डीएलएफ फार्म्स तक फैला होगा. अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में 4 किलोमीटर की इस दूरी को तय करने में लगभग 35 मिनट लगते हैं और पीक आवर में औसत गति 10 किमी प्रति घंटे से नीचे चली जाती है. फ्लाईओवर बनने के बाद यह दूरी लगभग 5 मिनट में तय होने और औसत गति 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की उम्मीद है.

पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने बताया कि इससे वाहनों का भार भी कम होगा, क्योंकि अधिकांश यातायात फ्लाईओवर पर शिफ्ट हो जाएगा, जबकि स्थानीय यातायात सड़क का उपयोग कर सकेगा. इससे प्रति वाहन करीब 12.3 मिनट की बचत होगी. इस परियोजना की अनुमानित लागत 700 करोड़ रुपये है.

DPR तैयार

एसएसएन कॉरिडोर पर यातायात प्रवाह में सुधार करना, यातायात जाम को कम करना, बढ़ती यातायात मांग को पूरा करने के लिए ग्रेड- सेपरेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदान करना, प्रमुख जंक्शनों पर चौराहों के प्रदर्शन को बढ़ाना और एनएच- 148ए तथा दक्षिण दिल्ली के आसपास के आवासीय और संस्थागत क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करना इसके प्रमुख लक्ष्य हैं. PWD मंत्री ने बताया कि व्यवहार्यता अध्ययन पूरा हो चुका है और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार है.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम में मूसलाधार बारिश से हालात बेहाल, WFH एडवाइजरी जारी; कई इलाकों में घुटनों तक पानी

निविदाएं जल्द ही जारी की जाएंगी और प्रक्रिया में लगभग एक महीना लगेगा. इसके बाद, निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. परियोजना को पूरा होने में लगभग दो साल लग सकते हैं.

चारों दिशाओं में संपर्क

इस कॉरिडोर से लाडो सराय, साकेत, महरौली, छतरपुर, धान मिल, सैनिक फार्म और दक्षिणी रिज बेल्ट के किनारे स्थित बस्तियां जैसे सतबारी, जोनाउर, डेरा मंडी, असोला, वसंत कुंज, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एमजी रोड और गुड़गांव को लाभ मिलने की उम्मीद है. बता दें कि एसएसएन मार्ग चारों दिशाओं में संपर्क प्रदान करता है. कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन के पास अनुव्रत मार्ग (एनएच- 148ए) और एसएसएन मार्ग के सिग्नल वाले चौराहे से शुरू होकर यह महरौली, लाडो सराय, साकेत और सैनिक फार्म को छतरपुर और फतेहपुर बेरी क्षेत्र से जोड़ता है

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.