नई दिल्ली | श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को दिल्ली- NCR के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटी रही. दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया. शाम होते ही भजन-कीर्तन और आरती से मंदिर परिसर कृष्ण भक्ति में डूब गए. आधी रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ जन्मोत्सव का मुख्य आयोजन हुआ. नोएडा के सेक्टर-33 स्थित इस्कान मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के लिए 500 से अधिक प्रकार के व्यंजन तैयार किए गए. भोग में माखन-मिश्री, लड्डू, पेड़े, खीर और हलवे के अलावा पूड़ी-कचौड़ी, परांठे, केक, पेस्ट्री, पिज्जा, पास्ता, लजानिया और टैकोज भी शामिल रहे. मंदिर में विशेष श्रृंगार के साथ हरिनाम संकीर्तन हुआ.
सेक्टर-151 इस्कान मंदिर की ओर से सेक्टर-149 के गणेशावरम् होटल में भी आयोजन किया गया. वहीं सेक्टर-19 के श्री सनातन धर्म मंदिर में फूलों से आकर्षक फूल बंगला बनाया गया और लड्डू गोपाल को चांदी के झूले में विराजमान कराया गया. मंदिर प्रबंधन ने करीब 1500 किलोग्राम प्रसाद की व्यवस्था की.
मटकी फोड़ आयोजन
राजधानी के मंदिरों में फूलों और रोशनी से विशेष सजावट की गई. लक्ष्मी नारायण मंदिर में श्रद्धालु बच्चों को कान्हा के रूप में सजाकर पहुंचे. पांडव नगर के श्री सनातन धर्म राधा कृष्ण मंदिर, विवेक विहार और आनंद विहार के मंदिरों में कृष्ण जन्म की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं. यमुना खेल परिसर में मटकी फोड़ लीग आयोजित हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया.
गुरुग्राम में विद्युत झांकियां बनीं आकर्षण
गुरुग्राम के पटौदी-जाटौली मंडी क्षेत्र के मंदिरों में जन्माष्टमी के लिए विशेष इंतजाम किए गए. आश्रम हरि मंदिर पटौदी में भगवान श्रीकृष्ण की विद्युत चालित झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं. मध्यरात्रि में महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज श्रद्धालुओं के साथ भगवान श्रीकृष्ण को झूला झुलाएंगे और आरती करेंगे. इसके बाद प्रसाद वितरण होगा. गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित हिमालय तनिष्क सोसायटी में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की गईं. कथा पंडाल में जन्मोत्सव के दौरान भक्तिभाव का माहौल देखने को मिला.
