नई दिल्ली | सोमवार यानि कल नई दिल्ली में हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी. राज्यसभा चुनाव के बाद पहली बार हुई इस बैठक में क्रॉस वोटिंग करने वाले 5 विधायकों को नहीं बुलाया गया था. विधायिका विनेश फोगाट और पूजा चौधरी भी इस बैठक में नहीं पहुंची.
कांग्रेस पार्टी लेगी सख्त एक्शन
मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भुपेंद्र हुड्डा ने कहा कि विधायक दल की बैठक में क्रॉस वोटिंग पर चर्चा हुई है और इसे लेकर 3 अप्रैल को चंडीगढ़ में पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई कमेटी की बैठक बुलाई गई है. पार्टी इस मामले को काफी गंभीरता से ले रही है. क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा, सब तय हो चुका है.
विधायक दल की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में मतदान के दौरान हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद और नेता प्रतिपक्ष भुपेंद्र हुड्डा की ड्यूटी लगी हुई थी और उन्होंने अपनी आंखों से सभी वोट देखें हैं. जिन विधायकों पर क्रॉस वोटिंग करने के आरोप लगे हैं, वो आरोप झूठे नही है. इन विधायकों को इस्तीफा देना चाहिए.
उन्होंने बताया कि पार्टी ने निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ चुनाव आयोग को लिखित शिकायत देने का फैसला लिया है क्योंकि उन्होंने गलत तरीके से कांग्रेस विधायकों की वोट को कैंसिल की थी. साथ ही वोट कैंसिल के मामले को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट का रूख किया जाएगा.
मंडियों का दौरा करेंगे सभी विधायक
इस बैठक में फैसला लिया गया है कि गेहूं और सरसों की खरीद में किसानों को पेश आ रही दिक्कतों को जानने के लिए तमाम विधायक प्रदेशभर की मंडियों का दौरा करेंगे और किसानों की आवाज को उठाएंगे. भुपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार हर बार नए नियम लाकर किसानों को परेशान करने का काम कर रही है.
गेहूं खरीद के लिए ट्रैक्टर की नंबर प्लेट की फोटो, किसानों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और वेरिफाई के लिए तीन-तीन गारंटर भी चाहिए होंगे. मानो ये अनाज मंडी नहीं, बल्कि कोई हाई सिक्योरिटी जोन या जेल हो. बेवजह के नियमों को हटाकर किसानों के लिए खरीद प्रक्रिया को आसान बनाया जाना चाहिए.
