जाम से जूझती दक्षिणी दिल्ली को मिलेगा तोहफा, कालकाजी से आगे फ्लाईओवर जोड़ने का पूरा प्लान तैयार

नई दिल्ली | दक्षिणी दिल्ली में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए फ्लाईओवर नेटवर्क को और आगे बढ़ाने की योजना पर विचार किया जा रहा है. मोदी मिल फ्लाईओवर को कालकाजी फ्लाईओवर से जोड़ने के बाद इसे नेहरू प्लेस और सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर तक विस्तार देने का प्रस्ताव सामने आया है. ट्रैफिक विभाग ने इस संबंध में पीडब्ल्यूडी को सुझाव दिया है. आउटर रिंग रोड पर भैरव मंदिर, सीएनजी पंप और नेहरू प्लेस फ्लाईओवर के आगे अक्सर लगने वाले जाम को देखते हुए यह प्रस्ताव महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Flyover Bridge 2

स्थानीय विधायक और जिला विकास समिति की अध्यक्ष शिखा राय ने कहा है कि इलाके को जाम से राहत दिलाने की दीर्घकालीन योजना को लेकर मुख्यमंत्री के सामने प्रस्ताव रखा जाएगा.

सबसे बड़ा बाटलनेक

ट्रैफिक विभाग के मुताबिक कालकाजी फ्लाईओवर को मोदी मिल से जोड़ने के बाद भी भैरव मंदिर के पास समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी. यहां मां आनंदमयी मार्ग, मोदी मिल और नेहरू प्लेस से यू- टर्न लेकर आने वाला ट्रैफिक एक ही जगह आ जाता है. भैरव मंदिर के आसपास दर्शनार्थियों के वाहन खड़े रहने से चार लेन की सड़क पर केवल एक से डेढ़ लेन ही प्रभावी रूप से बचती है. इसके आगे करीब 3 पेट्रोल पंप और सीएनजी भरवाने वाले वाहनों की लंबी कतार करीब 300 मीटर तक जाम की स्थिति बनाए रखती है.

यह भी पढ़े -  मिजोरम में ट्रेन शुरू हुए 1 साल पूरा, दिल्ली से गुवाहाटी तक सीधा जुड़ा इलाका; आंकड़े कर देंगे हैरान

कालकाजी-मोदी मिल काम

सिंगल लेन वाले कालकाजी फ्लाईओवर की दूसरी लेन बनाने और इसे मोदी मिल तक बढ़ाने का काम करीब एक महीने पहले शुरू हो चुका है. इस परियोजना पर 312.94 करोड़ रुपये खर्च होंगे. वहीं, 435 मीटर लंबे सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर की दूसरी लेन का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिस पर 58.81 करोड़ रुपये खर्च होंगे. मोदी मिल से चिराग दिल्ली की दूरी करीब चार किलोमीटर है. बीच के करीब दो किलोमीटर हिस्से में लगभग आधा किलोमीटर नेहरू प्लेस फ्लाईओवर एलिवेटेड है. अब कालकाजी को नेहरू प्लेस और फिर नेहरू प्लेस को सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर से जोड़ने की मांग उठ रही है.

पीडब्ल्यूडी टीम की रिपोर्ट के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा स्थल का निरीक्षण कर आगे की संभावनाओं पर निर्णय ले सकते हैं. शिखा राय ने कहा कि भैरव मंदिर, सीआर पार्क और सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर के आसपास जाम की पुरानी समस्या है और ट्रैफिक विभाग का सुझाव इस दिशा में उपयोगी हो सकता है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.