नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्याज के बढ़ते दामों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. पिछले कुछ दिनों से कीमतों में तेजी के बीच अब दिल्ली सरकार ने आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराने की तैयारी की है. इसके तहत राजधानी में उचित दर की दुकानों और मोबाइल वैन के जरिए प्याज की बिक्री की जाएगी. उपभोक्ताओं को प्याज 35 रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगा.
CM रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार दिल्ली में प्याज का संकट नहीं बनने देगी. राजधानी में आवश्यक खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता पर्याप्त बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है. प्याज जैसी रोजमर्रा की जरूरत की चीज आम लोगों की पहुंच से बाहर न जाए, इसके लिए सस्ती दर पर इसकी बिक्री की व्यवस्था की जा रही है.
1000 टन प्याज का आवंटन
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने दिल्ली के लिए 1000 टन प्याज आवंटित करने का फैसला किया है. इस स्टॉक को उचित दर की दुकानों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाएगा. यहां लोगों को तय दर पर प्याज उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे बाजार में बढ़ी कीमतों का असर कम किया जा सके. दिल्ली के सभी 13 जिलों में एक-एक वैन के जरिए भी प्याज बेचा जाएगा. मोबाइल वैन को जिले के अलग-अलग इलाकों में भेजा जाएगा, ताकि लोगों को अपने आसपास ही सस्ती दर पर प्याज खरीदने का ऑप्शन मिल सके.
अलग- अलग इलाकों में पहुंचेगी मोबाइल वैन
सरकार की योजना के अनुसार, वैन को जरूरत के मुताबिक अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा जाएगा. इससे राजधानी के ज्यादा इलाकों में प्याज की उपलब्धता बढ़ेगी और अधिक उपभोक्ता इसका फायदा उठा सकेंगे. इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य प्याज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के साथ लोगों को उचित और सस्ती दर पर प्याज देना है. सरकार बाजार की स्थिति पर नजर रखते हुए आगे भी जरूरी कदम उठाएगी.
