नई दिल्ली | देश में बड़ी संख्या में लोग हर साल हरिद्वार, सोमनाथ और द्वारका जैसे धार्मिक स्थलों पर दर्शन करने जाते हैं. लंबा सफर होने के कारण कई बार यात्रियों को बीच रास्ते ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे बुजुर्गों और परिवार के साथ सफर करने वालों की परेशानी बढ़ जाती है. अब रेलवे की नई तैयारी से ऐसे यात्रियों का सफर पहले से आसान होने वाला है.

रेल मंत्रालय ने हरिद्वार की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए तीन ट्रेनों के संचालन और विस्तार को मंजूरी दी है. इससे हरिद्वार का सीधा रेल संपर्क मुंबई के साथ गुजरात के वेरावल और ओखा से बढ़ेगा. वेरावल से सोमनाथ और ओखा से द्वारका जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका फायदा मिलेगा.
मुंबई से हरिद्वार तक आएगी गरीब रथ
रेलवे ने ट्रेन नंबर 12216/12215 बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस को हरिद्वार तक बढ़ाने की मंजूरी दी है. अभी तक यह ट्रेन बांद्रा टर्मिनस से दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच चलती थी. हरिद्वार तक विस्तार होने के बाद मुंबई और आसपास के इलाकों से आने वाले यात्रियों को दिल्ली से आगे हरिद्वार पहुंचने के लिए बेहतर रेल विकल्प मिल सकेगा. खासकर AC ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए गरीब रथ एक और ऑप्शन बनेगी.
हरिद्वार से सीधे पहुंच सकेंगे सोमनाथ
सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए भी नई सुविधा मिलने वाली है. ट्रेन नंबर 14326/14325 हरिद्वार-वेरावल एक्सप्रेस हरिद्वार को सीधे गुजरात के वेरावल से जोड़ेगी. यह ट्रेन बुधवार और रविवार को सुबह 4 बजे हरिद्वार से चलेगी और अगले दिन सुबह 8:15 बजे वेरावल पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन गुरुवार और सोमवार को सुबह 11:05 बजे वेरावल से रवाना होगी और अगले दिन शाम 6 बजे हरिद्वार पहुंचेगी. वेरावल पहुंचने के बाद श्रद्धालु सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए आसानी से आगे का सफर कर सकेंगे.
मिलेगा नया विकल्प
इसी बीच रेलवे ने 14328/14327 हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस को भी मंजूरी दी है. यह ट्रेन हर शुक्रवार सुबह 4 बजे हरिद्वार से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:15 बजे ओखा पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन शनिवार को ओखा से चलेगी. ओखा तक सीधी ट्रेन मिलने से भगवान श्रीकृष्ण की नगरी द्वारका जाने वाले श्रद्धालुओं को भी फायदा मिलेगा. वहीं उत्तराखंड, गुजरात और महाराष्ट्र के बीच आने-जाने वाले पर्यटकों, छात्रों और दूसरे यात्रियों के लिए भी रेल सफर के नए ऑप्शन उपलब्ध होंगे.