नई दिल्ली | वैसे तो देश की राजधानी दिल्ली (Delhi Tourist Place) में घूमने लायक कई ऐतिहासिक म्यूजियम स्थित हैं, जहां इतिहास से जुड़ी तस्वीरें, दस्तावेज़, आर्ट क्राफ्ट सहित तमाम जानकारियां आज भी देखी जा सकती हैं. खास तौर पर विद्यार्थियों के लिए ये किसी खजाने से कम नहीं हैं. यहां आकर हमें अपने इतिहास से रूबरू होने का मौका मिलता है. इसलिए आज हम आपको दिल्ली में स्थित कई म्यूजियम के बारे में जानकारी देंगे, जहां जाकर आप अपनी जानकारी के खजाने को बढ़ा सकते हैं.
नेशनल म्यूजियम
अगर आप देश का इतिहास जानना चाहते हैं, तो आपको नेशनल म्यूजियम जरूर जाना चाहिए. यहां रखे दस्तावेज, तस्वीरें और कलाकृतियां आपके इतिहास की जानकारी को बढ़ाने का काम करेंगी. दिल्ली के सबसे बड़े म्यूजियम में से एक इसे माना जाता है. साल 1949 में इसकी स्थापना की गई थी. यहां सुबह 10:00 से लेकर शाम 6:00 तक घूमने जाया जा सकता है.
नेशनल रेलवे म्यूजियम
बच्चों के फेवरेट विजिटिंग प्लेस के तौर पर नेशनल रेलवे म्यूजियम को जाना जाता है. देशभर के टूरिस्ट को यह काफी पसंद आता है. यहां आपको रेलवे परिवहन के इतिहास के बारे में तमाम जानकारियां मिल जाती हैं. यहां कुछ डमी सैंपल भी लगाए गए हैं, जिन्हें बड़े और बच्चे काफी पसंद करते हैं. यहां 3D वर्चुअल ट्रेन की सवारी, स्टीम लोको स्टिम्युलेटर और एक शानदार इनडोर गैलरी भी मौजूद हैं. यहां उम्र के हिसाब से एंट्री टिकट लगता है. सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे तक यहां एंट्री की जा सकती है.
इंटरनेशनल गुड़िया म्यूजियम
बच्चे ही नहीं बल्कि बड़ों को भी इंटरनेशनल गुड़िया म्यूजियम काफी भाता है. देश के अलावा विदेशी लोग भी इस म्यूजियम को काफी पसंद करते हैं. यहां 85 अलग- अलग देशों की करीब 6000 डॉल्स स्थापित हैं. बहादुर शाह जफर मार्ग पर स्थित नेशनल गुड़िया म्यूजियम में 500 डॉल्स भारतीय परिधान में सजी हुई हैं.
नेशनल साइंस सेंटर
अगर आप साइंस में थोड़ी रुचि रखते हैं तो आपको नेशनल साइंस सेंटर जरूर जाना चाहिए. यहां आपको मॉडर्न टेक्नोलॉजी और साइंटिफिक डेवलपमेंट को समझाने वाली अलग- अलग प्रदर्शनियां देखने को मिलती हैं. यहां आकर आपको समय का अंदाजा भी नहीं लगेगा कि कब वक्त बीत गया. दिल्ली के सबसे बेहतरीन म्यूजियम में से इसे माना जाता है.
नेशनल हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम म्यूजियम
भारत की संस्कृति को दर्शाने वाला यह म्यूजियम एक से बढ़कर एक पेंटिंग, कपड़े और मूर्तियों का अद्भुत संग्रह प्रस्तुत करता है. यहां पारंपरिक भारतीय हस्तशिल्प और हैंडलूम की शानदार झलक मिलती है. यहां आकर आप हस्तशिल्प और हैंडलूम के प्रति अपने ज्ञान को बढ़ा सकते हैं.
