नई दिल्ली | देश में लाखों युवा हर साल UPSC (सिविल सेवा परीक्षा) की तैयारी करते हैं। कई उम्मीदवारों को इस परीक्षा में सफलता पाने के लिए वर्षों तक मेहनत करनी पड़ती है, लेकिन कुछ युवा कम उम्र में ही अपनी लगन और काबिलियत से बड़ी उपलब्धि हासिल कर लेते हैं। ऐसी ही कहानी 22 साल के विकास सिंह पंवार की है, जिन्होंने पहले अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में लाखों रुपये जीते और अब यूपीएससी परीक्षा में भी सफलता हासिल की है।

विकास सिंह पंवार ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में अपने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया 159वीं रैंक हासिल की है। खास बात यह है कि इससे पहले वह ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 17वें सीजन में 50 लाख रुपये जीतकर चर्चा में आए थे।
हासिल की 159वीं रैंक
विकास सिंह पंवार ने महज 22 साल की उम्र में यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की है। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा के लिए पॉलिटिकल साइंस एंड इंटरनेशनल रिलेशंस (PSIR) को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना था। उन्हें परीक्षा में कुल 988 अंक मिले हैं। इनमें मुख्य लिखित परीक्षा के 787 अंक और इंटरव्यू के 201 अंक शामिल हैं। विकास की इस उपलब्धि को लेकर सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की।
KBC में जीते थे 50 लाख रुपये
विकास सिंह पंवार यूपीएससी की तैयारी के दौरान ही अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में पहुंचे थे। KBC के 17वें सीजन में उन्होंने अपनी जानकारी और समझदारी से दर्शकों को प्रभावित किया। शो में वह बिना किसी लाइफलाइन का इस्तेमाल किए 5 लाख रुपये के सवाल तक पहुंच गए थे। इसके बाद उन्होंने आगे के सवालों के सही जवाब देते हुए 50 लाख रुपये की रकम जीत ली। हालांकि, एक करोड़ रुपये के सवाल पर उन्होंने जोखिम नहीं उठाने का फैसला किया और खेल छोड़ दिया।
लिया था बड़ा फैसला
विकास के सामने जब एक करोड़ रुपये का सवाल आया, तब उन्हें सही जवाब को लेकर पूरा भरोसा नहीं था। ऐसे में उन्होंने पहले से जीती हुई 50 लाख रुपये की रकम सुरक्षित रखना बेहतर समझा। हालांकि, बाद में सामने आया कि जिस जवाब के बारे में वह सोच रहे थे, वह सही था। अगर वह खेल जारी रखते और वही जवाब देते, तो एक करोड़ रुपये जीत सकते थे। इसके बावजूद, उन्होंने 50 लाख रुपये की बड़ी रकम अपने नाम की और अब यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करके एक बार फिर अपनी पहचान बनाई है।
अमिताभ बच्चन ने बताई चोट की बात
‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 18वां सीजन भी चर्चा में है। इस सीजन को भी अमिताभ बच्चन होस्ट कर रहे हैं। हाल ही में बिग बी ने शो के दौरान अपनी चोट के बारे में बताया था। उनके मुताबिक, शूटिंग के समय सेट पर गिरने से उनके दाएं घुटने में चोट लग गई थी। इसके कारण उन्हें चलने-फिरने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, उन्होंने अपने ब्लॉग में काम की व्यस्तता के चलते पर्याप्त नींद नहीं ले पाने की बात भी शेरय की थी।