नई दिल्ली | मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने सिस्टम में बड़ा बदलाव करने की कगार पर है. WhatsApp जल्द ही यूजर्स को फोन नंबर की जगह ‘यूजरनेम’ और ‘यूनिक आईडी’ के जरिए चेट, वॉयस कॉल और वीडियो कॉल करने की सुविधा देने जा रहा है. इस नए फीचर के आने के बाद लोगों को अपना मोबाइल नंबर शेयर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे प्राइवेसी पहले से ज्यादा मजबूत होगी.
जून तक होगा लागू
जानकारी के मुताबिक, WhatsApp इस फीचर को इसी साल जून तक दुनियाभर में लागू कर देगा. नए सिस्टम में यूजर्स इंस्टाग्राम की तरह अपने लिए एक खास ‘हैंडल’ या यूजरनेम चुन सकेंगे, जैसे “HDFC Bank” या “Ben Clark” रिजर्व कर सकेंगे. इससे आम यूजर्स के साथ-साथ बिजनेस अकाउंट्स के लिए भी पहचान बनाना आसान हो जाएगा.
कंपनी के प्रवक्ता ने इस बदलाव की पुष्टि करते हुए कहा है कि WhatsApp भविष्य में यूजरनेम फीचर लाने को लेकर उत्साहित है. उनका कहना है कि इससे लोग बिना फोन नंबर साझा किए नए दोस्तों, ग्रुप्स और बिजनेस से आसानी से जुड़ सकेंगे. यह फीचर यूजर्स की प्राइवेसी को एक अतिरिक्त सुरक्षा देगा. यह फीचर पूरी तरह ऑप्शनल होगा, यानि यूजर्स चाहें तो पहले की तरह फोन नंबर के जरिए WhatsApp इस्तेमाल करते रह सकते है या फिर नए यूजरनेम सिस्टम पर शिफ्ट हो सकते है.
WhatsApp बिजनेस प्लेटफॉर्म में बदलाव
WhatsApp बिजनेस प्लेटफॉर्म में भी बड़ा बदलाव करने जा रहा है. कंपनी ‘डायनामिक प्राइसिंग’ मॉडल लागू करने की तैयारी में है जिसके तहत कंपनियों को मार्केटिंग मैसेज भेजने के लिए रियल- टाइम में बोली लगानी होगी. इससे बिजनेस कम्युनिकेशन ज्यादा प्रतिस्पर्धी हो सकता है. WhatsApp का यह नया अपडेट न केवल यूजर्स की प्राइवेसी को मजबूत करेगा बल्कि प्लेटफॉर्म को सोशल और बिजनेस इंटरैक्शन के लिए ओर भी ज्यादा आधुनिक एवं लचीला बनाएगा.
