नई दिल्ली | भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपनी विशेष फिक्स डिपॉजिट (FD) योजना अमृत कलश में निवेश करने के अंतिम तिथि बढ़ा दी है. अब आप 31 दिसंबर तक इस योजना के अंतर्गत निवेश कर सकते हैं. पहले इसकी आखिरी तारीख 15 अगस्त थी. योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को एफडी पर 7.60 प्रतिशत और अन्य को 7.10 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है. इस फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में 400 दिनों के लिए निवेश करना होता है. ऐसे में अगर आप FD पर ज्यादा ब्याज चाहते हैं तो इस योजना में निवेश कर सकते हैं. हम आपको इसके बारे में बता रहे हैं.
आखिर क्या है यह फिक्स डिपॉजिट स्कीम?
अमृत कलश एक विशेष रिटेल टर्म डिपॉजिट यानी FD है. इसमें वरिष्ठ नागरिकों को 7.60% और आम नागरिकों को 7.10% की दर से ब्याज मिलता है. इसमें अधिकतम 2 करोड़ रुपए की FD कराई जा सकती है. अमृत कलश योजना के तहत आपको हर महीने, हर तिमाही और हर छमाही पर ब्याज दिया जा रहा है. आप अपनी सुविधा के अनुसार FD ब्याज का भुगतान भी तय कर सकते हैं.
बता दें कि आप ऑनलाइन या ऑफलाइन निवेश कर सकते हैं. इस योजना में निवेश करने के लिए आप बैंक शाखा में जाकर भी निवेश कर सकते हैं. वहीं, नेटबैंकिंग और SBI योनो ऐप के जरिए भी निवेश किया जा सकता है. सामान्य FD की तरह अमृत कलश पर भी लोन लेने की सुविधा उपलब्ध है.
SBI वीकेयर योजना में 30 सितंबर तक करे निवेश
एसबीआई ने एक और विशेष फिक्स डिपाजिट यानी FD योजना वीकेयर की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी है. अब इस योजना में 30 सितंबर तक निवेश किया जा सकता है. SBI की इस योजना के तहत, वरिष्ठ नागरिकों को 5 साल या उससे अधिक की जमा यानी FD पर 50 आधार अंक का अतिरिक्त ब्याज मिलेगा.
समय से पहले निकासी पर नहीं मिलेगा ब्याज
वरिष्ठ नागरिकों को 5 साल से कम की रिटेल टर्म डिपॉजिट पर आम जनता की तुलना में 0.50% ज्यादा ब्याज मिलता है. वहीं, ‘वीकेयर डिपॉजिट’ स्कीम के तहत 5 साल या उससे अधिक की FD पर 1 फीसदी ब्याज दिया जाएगा. हालांकि, समय से पहले निकासी पर कोई अतिरिक्त ब्याज नहीं दिया जाएगा.
केनरा व एक्सिस बैंक भी कर चुके हैं बदलाव
केनरा बैंक ने 2 करोड़ रुपये से कम की फिक्स्ड डिपॉजिट यानी एफडी पर ब्याज दरों में बदलाव किया है. ब्याज दरों में बदलाव के बाद बैंक आम नागरिकों को FD पर 4% से 7.25% और वरिष्ठ नागरिकों को 7 दिन से लेकर 10 साल तक की FD पर 4% से 7.75% तक ब्याज दे रहा है. इससे पहले हाल ही में एक्सिस बैंक ने भी एफडी पर मिलने वाले ब्याज में बदलाव किया है.
