नूंह | शिक्षा और खेल जैसे क्षेत्रों में पिछड़े जिलों में शुमार नूंह में सुधार के लिए सूबे की नायब सैनी सरकार (Nayab Saini Govt) निरंतर प्रयास कर रही है. यहां के युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. जिला प्रशासन का कहना है कि इन खेल सुविधाओं का लाभ उठाकर यहां के युवा दमदार खेल का प्रदर्शन कर सकते हैं और देश- विदेश में नूंह जिले का गौरव बढ़ा सकते हैं.
इन जगहों पर बनेंगे आधुनिक खेल स्टेडियम
डीसी विश्राम कुमार मीणा ने मीडिया से बातचीत करते हुए जानकारी दी है कि ऊंटका और मरोड़ा गांव में आधुनिक सुविधाओं से लैस खेल स्टेडियम बनाएं जाएंगे, जिनके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है. इसके अलावा, रेडियो मेवात के पास इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा, जिसमें बैडमिंटन, टेबल- टेनिस, योग, शूटिंग, एरोबिक्स और जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने आगे बताया कि खेड़ला गांव के हॉल को बॉक्सिंग और कुश्ती के लिए तैयार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवा खेलों में आगे बढ़ सकें, इसके लिए सरकार द्वारा हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और तमाम बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. अन्य जिलों की तरह यहां की युवा पीढ़ी भी खेल मैदान में दमदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा सकें, इसके लिए कई नई जगहों पर आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेडियम बनाएं जाएंगे.
इन परियोजनाओं की सौगात
उन्होंने बताया कि पुरानी कोर्ट में ऑडिटोरियम और पुराने एसडीएम कार्यालय की जगह पर नई लाईब्रेरी बनाई जाएगी. छपेड़ा गांव में ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर और आकेड़ा में यूनानी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी. इसके अलावा, फरीदाबाद से नूंह को जोड़ने के लिए नए रास्तों का प्रस्ताव तैयार किया गया है. तावडू से होडल सड़क मार्ग को चौड़ा किया जाएगा. जलभराव से निपटने के लिए शहर में नालों की सफाई की जा रही है.
