पंचकूला | हरियाणा के 16 लाख 77 हजार किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त की राशि जारी कर दी गई है. सरकार द्वारा 353 करोड़ रुपए की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है. इस योजना के तहत, किसानों को सालाना ₹6000 की तीन किस्तों में आर्थिक सहायता दी जाती है. इस अवसर पर राज्य स्तरीय ‘पी.एम. किसान उत्सव दिवस’ समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
CM ने जताया PM का आभार
कार्यक्रम में राज्य के कैबिनेट और अन्य मंत्रियों ने भी भाग लिया. मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी की गई 20वीं किस्त सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि देश के किसानों को दिया गया भरोसा भी है. मुख्यमंत्री ने किसानों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि केंद्र की योजनाओं को जमीन पर उतारने में हरियाणा सरकार पूरी सक्रियता से कार्य कर रही है. ये योजनाएं डबल इंजन सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाती हैं. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत- विकसित हरियाणा’ का सपना तेज़ी से साकार हो रहा है.
वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों को संबोधित किया गया. उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए ‘किसान, गरीब, महिला और युवा’ चार प्रमुख स्तंभ बताए. उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि के बिना यह लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी कहा कि हरियाणा सरकार किसानों की खुशहाली और कृषि क्षेत्र को लाभदायक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
