पंचकूला | हरियाणा में 2 अगस्त से खेल महाकुंभ का आयोजन होने जा रहा है. पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में सीएम नायब सैनी इस महाकुंभ का दीप जलाकर शुभारंभ करेंगे. 4 जिलों में होने वाले 26 खेलों के मुकाबलों में 15,410 खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे.
खेल मंत्री ने दी जानकारी
खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने बृहस्पतिवार को खेल महाकुंभ की तैयारियां साझा करते हुए बताया कि पंचकूला में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबाल, हैंडबाल और हाकी, फरीदाबाद में शूटिंग और ताइक्वांडो, रोहतक में बाक्सिंग, नेटबाल, फुटबाल तथा सोनीपत में लान टेनिस की प्रतियोगिताएं होंगी.
पहले चरण में 4 अगस्त तक मुकाबले होंगें और दोनों चरणों में कुल 2102 पदकों के लिए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. पहले चरण में 836 और दूसरे चरण में 1266 पदक विजेता खिलाड़ियों को दिए जाएंगे. दूसरे चरण के खेल अगस्त के अंतिम सप्ताह में होंगे.
खिलाड़ियों को मिलेगी सभी सुविधाएं
खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने दावा करते हुए कहा कि हरियाणा का खेल महाकुंभ राष्ट्रीय स्तर की किसी भी प्रतियोगिता से बड़ा होगा. भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ में लगभग 8000 खिलाड़ी भागीदारी करते हैं, जबकि खेल महाकुंभ में 15 हजार से ज्यादा खिलाड़ी भाग लेंगे.
उन्होंने बताया कि जिला खेल अधिकारियों की निगरानी में सभी जिलों के खिलाड़ियों का चयन निष्पक्ष किया गया है. खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी. उनके लिए खाने- पीने व किट की व्यवस्था की गई है. गौरव गौतम ने कहा कि बेहतरीन खेल नीति व हर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में पदक जीतकर हरियाणा खेलों में देश का सिरमौर बन चुका है.
नौकरियों में आरक्षण का मिलेगा लाभ
खेल मंत्री ने बताया कि हरियाणा की खेल नीति के अनुसार खेल महाकुंभ के विजेता खिलाड़ियों के लिए सरकार द्वारा खेल ग्रेडेशन प्रमाणपत्र बनाने का प्रविधान है. इसके तहत, सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों को 3% का आरक्षण प्रदान किया जाता है.
अतिरिक्त खेल निदेशक के नेतृत्व में विशेष कोआर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है. कोई भी खिलाड़ी खेल सुविधा या खेलों के टेक्निकल आयोजन से संबंधित शिकायत सीधा कमेटी को दे सकता है. लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
