पंचकूला | हरियाणा के पंचकूला जिले में एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. गांव खड़क मंगोली की गौशाला में एक गाय ने एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया. गौशाला के संचालक रमेश अग्रवाल ने बताया कि यह उनके जीवन की पहली ऐसी घटना है. यहां गाय ने 3 बछड़ियों और एक बछड़ा को जन्म दिया. जिस किसी को भी यह खबर मिल रही है, वह गौशाला में आकर बछड़ियों को देख रहा है.
3 बछड़ियां स्वस्थ
जन्म के कुछ समय बाद एक बछड़ा मर गया, लेकिन तीन बछड़ियाँ अभी भी स्वस्थ हैं. इस खबर के बाद गौशाला में लगातार श्रद्धालु और गांव वाले बछड़ियों को देखने आ रहे हैं. रमेश अग्रवाल इसे राधा कृष्ण की कृपा मानते हैं. उन्होंने बताया कि गौशाला में एक दिन पहले ही राधा कृष्ण की मूर्ति स्थापित की गई थी, जिससे उन्हें आशीर्वाद मिला है. आम तौर पर गाय एक बार में एक बछड़ा ही देती है.
कभी- कभी जुड़वा बछड़े होते हैं, लेकिन 3 या 4 बच्चों को जन्म देना अत्यंत दुर्लभ घटना है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि जेनेटिक बदलाव, हार्मोनल असंतुलन या आर्टिफिशियल इनसेमिनेशन (कृत्रिम गर्भाधान) के कारण ऐसी घटनाएं होती हैं. यह घटना लाखों में एक बार देखने को मिलती है. हालांकि लोग इसे चमत्कार माना जा रहा है.
