चंडीगढ़ | हरियाणा के पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कांग्रेस पार्टी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अब केवल व्यक्ति विशेष की पार्टी बनकर रह गई है. यदि इस पार्टी को आगे जीवित रखना है, तो इसे सही दिशा में बढ़ना होगा. उन्होंने ईवीएम मशीन को लेकर भी अपनी राय रखते हुए कहा कि इसकी विश्वसनीयता पर भरोसा नहीं किया जा सकता.
ईवीएम पर भी उठाए सवाल
मीडिया से बातचीत के दौरान वीरेंद्र सिंह ने कहा कि ईवीएम पर सवाल मशीन पर नहीं, बल्कि उसे बनाने और चलाने वालों पर है. इसे इंसानों ने बनाया है, और इसमें कमियां हो सकती हैं. उन्होंने जेजेपी और इनेलो को नसीहत देते हुए कहा कि इन्हें अपने निजी हितों को छोड़कर कांग्रेस के साथ आना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस एक बड़ी पार्टी है.
उन्होंने भाजपा पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि जेजेपी को भाजपा के साथ गठबंधन करने का अंजाम भुगतना पड़ा है. भाजपा केवल अपने स्वार्थ के लिए क्षेत्रीय दलों को अपने साथ जोड़ती है और एक खास नीति के तहत काम करती है.
कांग्रेस में संगठन की कमी पर उठाए सवाल
वीरेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 15 सालों से भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस के नंबर वन नेता बने हुए हैं, लेकिन उन्होंने पार्टी को सिर्फ अपने तक ही सीमित रखा है. पार्टी की ताकत किसी एक नेता तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह जनता की होती है. यदि संगठन मजबूत होता, तो विधानसभा चुनावों में बेहतर परिणाम आ सकते थे.
पिछले 15 सालों से पार्टी में कोई मजबूत संगठन नहीं बना, जिसके कारण चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा. उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए बैलट पेपर से चुनाव कराए जाने चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि संगठन ही नहीं होगा, तो यह तय करना मुश्किल हो जाएगा कि टिकट सही बंटा है या गलत.
