सोनीपत | भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता शनिवार को सोनीपत पहुंचीं. उन्होंने जिला भाजपा कार्यालय ‘स्वर्ण कमल’ में सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के सेवा भाव और जनकल्याणकारी कार्यों को लोगों तक पहुंचाना है.
डॉ. गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार और आमजन के बीच सेतु की भूमिका निभाएं. बूथ स्तर पर कार्यकर्ता लाभार्थियों और पात्र परिवारों से संपर्क करेंगे. सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहयोग किया जाएगा.
राष्ट्र निर्माण का संदेश
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ा रहा है. कार्यकर्ताओं को योजनाओं का लाभ ले चुके परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए. इसके साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जरूरी मदद करनी होगी. अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी. इस दौरान बूथ स्तर पर भाजपा कार्यकर्ता परिवारों और लाभार्थियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित करेंगे. अभियान को प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ संचालित किया जाएगा.
विकसित भारत का सपना
‘बच्चों के सपनों का भारत-हमारा आने वाला भारत’ कार्यक्रम के तहत स्कूलों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी. इनके जरिए बच्चों और युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा जाएगा. वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक और अन्य रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित होंगे. इनमें प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां जनता तक पहुंचाई जाएंगी.
