चंडीगढ़ | हरियाणा में निकाय चुनावों को लेकर रणभूमि तैयार हो चुकी है. अगले महीने 2 मार्च को इन चुनावों के लिए वोटिंग होगी. इस चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी. बता दें कि नगर निगम चुनाव के लिए कई सीटों पर महिला के खिलाफ महिला को ही उम्मीदवार बनाया गया है.
गुरुग्राम से कौन होगा विजेता
गुरुग्राम नगर निगम में मेयर पद के चुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने महिला प्रत्याशी को टिकट थमाई है. कांग्रेस ने यहां से 2 बार की पार्षद सीमा पाहुजा को प्रत्याशी बनाया है. सीमा लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ी हुई है और 2019 तक पार्टी में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है. पंजाबी वोटर्स को रिझाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने सीमा पाहुजा पर दांव लगाया है.
BJP ने गुरुग्राम नगर निगम में मेयर पद के लिए राजरानी मल्होत्रा को चुनावी रण में उतारा है. उनके पति तिलक राज मल्होत्रा पूर्व में गुरुग्राम बीजेपी जिला अध्यक्ष रहे हैं. वो लंबे समय से RSS से भी जुड़े हुए हैं. बीजेपी ने भी पंजाबी वोट बैंक को हासिल करने के लिए राजरानी मल्होत्रा को उम्मीदवार बनाया है क्योंकि वो खुद इसी समुदाय से आती है.
फरीदाबाद में कौन मारेगा बाजी
बीजेपी ने फरीदाबाद से हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन प्रवीण जोशी को प्रत्याशी बनाया है. वह पहली बार चुनाव लड़ रही है. उनके ससुर रमेश जोशी हरियाणा बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं. उनके पति संदीप जोशी पूर्व में प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं.
कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी लता रानी भी पहली बार चुनाव लड़ रही है. उनके पति रिंकू चंदीला कांग्रेस पार्टी के संगठन में काम करने के अलावा यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. अभी वह जींद जिले के सहप्रभारी के तौर पर कांग्रेस पार्टी के लिए काम कर रहे हैं.
अंबाला से कौन होगा विजेता
बीजेपी ने अंबाला नगर निगम में मेयर उपचुनाव के लिए पंजाबी समुदाय में अच्छी पकड़ रखने वाली शैलजा सचदेवा को प्रत्याशी बनाया है. वह बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं. बीजेपी ने यहां से पंजाबी उम्मीदवार घोषित कर राजनीतिक समीकरण को संतुलित करने की कोशिश की है.
कांग्रेस ने अमीषा चावला को उम्मीदवार बनाया है. उनके पति दिलीप चावला पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मीडिया सलाहकार रहें हैं. पिछली बार हुए चुनाव में अमीषा चावला दूसरे नंबर पर रही थी.
यमुनानगर में किसकी होगी जीत
जिला शिक्षा अधिकारी रह चुकी और 6 महीने पहले ही बीजेपी में शामिल होने वाली सुमन बहमनी यमुनानगर से मेयर पद के लिए उम्मीदवार घोषित की गई है. वर्तमान में सुमन बीजेपी एससी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं.
कांग्रेस पार्टी ने पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी की पत्नी किरण देवी साढ़ौरा को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है. वह सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा की करीबी हैं.
