चंडीगढ़ | हरियाणा में कांग्रेस (Haryana Congress) नेताओं का झुकाव भाजपा की ओर बढ़ता दिख रहा है. सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया और नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी ने हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ मंच साझा किया था. अब हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने भी भाजपा सरकार और उसके बजट की तारीफ कर दी है.
भूपेंद्र हुड्डा के हैं करीबी
गन्नौर के पूर्व विधायक कुलदीप शर्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा के समधी हैं, जिन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा को खुला समर्थन दिया था. उनकी समधिन शक्ति रानी शर्मा भाजपा से कालका की विधायक हैं और उनके दामाद कार्तिकेय शर्मा भाजपा के समर्थन से राज्यसभा पहुंचे हैं. कुलदीप शर्मा को भूपेंद्र सिंह हुड्डा का करीबी माना जाता है, लेकिन जब कांग्रेस ने उन्हें करनाल लोकसभा सीट से टिकट नहीं दिया तो वह नाराज हो गए. उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर गन्नौर से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए.
पीएम मोदी और हुड्डा की मुलाकात के बाद बदले सुर
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा का एक वीडियो सामने आया, जिसमें पीएम मोदी ने हुड्डा से उन्हें आकर मिलने की बात कही. इसके बाद, कुलदीप शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मिलनसार और हंसमुख नेता बताया. पंचकूला में एक निजी चैनल के कार्यक्रम में पहुंचे कुलदीप शर्मा ने कहा कि जब तक कोई ठोस वजह नहीं होगी, वह नायब सिंह सैनी का विरोध नहीं करेंगे. उन्होंने कांग्रेस को भी नसीहत देते हुए कहा कि अब पार्टी को खुद में सुधार करना चाहिए.
CM के विरोध की नहीं कोई वजह: शर्मा
उन्होंने कहा, “मेरे पास कोई शब्द नहीं हैं कि मैं नायब सैनी का विरोध करूं. जब तक ऐसे हालात पैदा नहीं होते तो मैं कर भी नहीं सकता. वैसे तो सरकार के पास बहुत सलाहकार हैं. उनकी अपनी पार्टी है और नेतृत्व है. फिर भी अगर जरूरत पड़ी और हमसे पूछेंगे तो हम भी सुझाव देंगे. मुख्यमंत्री मीठा बोलते हैं और हंसकर सबकी बात सुनते हैं.”
भाजपा की तारीफ करने के बाद कुलदीप शर्मा ने राजनीति में अच्छे संबंधों की जरूरत पर भी जोर दिया. उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी और इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय वाजपेयी ने इंदिरा गांधी को ‘दुर्गा’ कहा था और बाद में नरसिम्हा राव सरकार ने उन्हें संयुक्त राष्ट्र में भारत का पक्ष रखने के लिए भेजा था.”
