चंडीगढ़ | हरियाणा के 8 नगर निगमों और 32 नगर पालिकाओं के चुनाव मार्च में होने होंगे. इन चुनावों को सत्तारूढ़ BJP और विपक्ष के बीच की एक बड़ी राजनीतिक लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है. इसी कारण इन्हें ‘मिनी विधानसभा चुनाव’ कहा जा रहा है. हालांकि, नगर निगम चुनावों में देरी का कारण मतदाता सूचियों का समय पर अंतिम रूप न दिया जाना है.
यह है वर्तमान स्टेटस
हिसार और रोहतक नगर निगमों के लिए मतदाता सूचियों को अंतिम रूप 15 जनवरी तक दिया जाएगा. करनाल और यमुनानगर नगर निगमों की सूचियां 28 जनवरी तक तैयार हो जाएंगी. अन्य नगर पालिकाओं की मतदाता सूचियां राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर पहले ही अपलोड की जा चुकी हैं. पानीपत नगर निगम के वार्ड परिसीमन का काम अब भी चल रहा है, जिससे इसके चुनावों की तिथि तय नहीं हो पाई हैं. वहीं, कालियांवाली नगर पालिका की चुनाव प्रक्रिया भी कानूनी विवाद में फंसी हुई है.
मार्च में होंगे चुनाव
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 8 फरवरी के बाद नगर निकाय चुनावों का शेड्यूल घोषित किया जाएगा. ऐसा इसलिए क्यूंकि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे और चुनावी प्रक्रिया पूरी होने में लगभग 25 दिन का समय लगेगा. इसलिए ऐसा माना है कि एमसी चुनाव मार्च में कराए जाएंगे.
दिल्ली चुनावों की तैयारी में बिज़ी सभी दल
राज्य के लगभग सभी राजनितिक दलों के कार्यकर्ता फिलहाल 5 फरवरी को होने वाले दिल्ली विस चुनावों में बिज़ी हैं. जिस कारण राज्य चुनाव आयोग ने एमसी चुनाव की घोषणा 8 फरवरी के बाद करने का फैसला किया है. इससे पहले प्रदेश सरकार ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान वादा किया था कि 4 जनवरी तक चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी और 4 फरवरी तक चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. सरकार ने कोर्ट को भरोसा दिलाया था कि पूरी चुनावी प्रक्रिया एक महीने के भीतर पूरी कर ली जाएगी.
