पानीपत | हरियाणा में निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी है. सभी राजनीतिक दल अपनी- अपनी तैयारियों को मजबूत करने में जुटे हुए हैं. सत्तासीन BJP ने दावा किया है कि सभी नगर निगम में मेयर पद पर उनकी पार्टी के उम्मीदवारों की जीत होगी. वहीं, विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित हार झेलने वाली कांग्रेस पार्टी ने दमदार वापसी की बात कही है. बता दें निकाय चुनावों के लिए 2 मार्च को वोटिंग होगी.
कांग्रेस की उम्मीदों को तगड़ा झटका
करनाल और हिसार के बाद कांग्रेस पार्टी के लिए पानीपत से भी बुरी खबर सामने आई है. यहां कांग्रेस को उम्मीद थी कि विजय जैन पार्टी सिंबल पर मेयर का चुनाव लडेंगे, लेकिन विजय जैन ने सभी 26 वार्डों में अपने कार्यकर्ताओं से सलाह- मशवरा करने के बाद कांग्रेस पार्टी के लिए चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है. इसकी सूचना उन्होंने पानीपत से कांग्रेस के बड़े नेता बुल्ले शाह को दे दी है.
कार्यकर्ताओं में नाराजगी
विजय जैन ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव में ऐन मौके पर उनकी टिकट काट दी थी, जिसके बाद से ही कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी बनी हुई है. इसके साथ ही, कार्यकर्ताओं का ये भी कहना है कि यदि वह कांग्रेस की टिकट पर मेयर का चुनाव जीत भी गए तो काम नहीं करवा पाएंगे क्योंकि सरकार बीजेपी की है. इससे लोगों में और ज्यादा नाराजगी होगी, जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी के लिए मेयर का चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है.
