रेवाड़ी | हरियाणा में खेल सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में खेल विभाग द्वारा सभी जिलों की ग्राम पंचायतों और नगर निकायों से खेल सामग्री के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. इसके लिए 31 मार्च तक आवेदन करना होगा.
खुद का खेल मैदान होना जरूरी
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए रेवाड़ी जिला डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि खेल सामग्री के लिए आवेदन करने वाली ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के पास अपना खुद का खेल मैदान या हॉल की सुविधा होनी चाहिए. आवेदन के साथ इसकी फोटो लगानी होगी. जहां पर पहले से खेलों का सामान मिला हुआ है वहां दोबारा नहीं दिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों और नगर निकायों को खेल सामग्री के रूप में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबाल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, कुश्ती, जूडो, मुक्केबाजी, योगा व वेटलिफ्टिंग का सामान दिया जाएगा. जिला डीसी ने बताया कि हरियाणा खेल उपकरण प्रावधान योजना के तहत खेलों का सामान दिया जाएगा. प्रदेश सरकार की इस पहल से खेलों को बढ़ावा मिलेगा और नई खिलाड़ियों की नर्सरी तैयार करने में मदद मिलेगी. खिलाड़ियों को खेल सामग्री की सुविधा मिलेगी तो वें अपने कौशल को और बेहतर तरीके से निखार सकेंगे.
GPS लोकेशन के साथ भेजना होगा फोटो
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि खेल सामग्री के लिए आवेदन करने वाली ग्राम पंचायतों को नगर निकायों को अपने खेल मैदान या हॉल की GPS लोकेशन सहित फोटो आवेदन पत्र के साथ भेजनी होगी. सभी जिलों में यह आवेदन पत्र 31 मार्च तक जिलास्तरीय खेल स्टेडियम में किसी भी कार्य दिवस पर जमा करवा सकेंगे.
