खुशखबरी: गुरुग्राम- रेवाड़ी के बीच फर्राटेदार होगा सफर, इस तारीख से शुरू हो जाएगा नया हाइवे

रेवाड़ी | हरियाणा के NCR में शामिल जिलों में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में लोगों के लिए बहुत जल्द गुरुग्राम से रेवाड़ी के बीच आवागमन आसान होने जा रहा है. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने दावा करते हुए कहा है कि इसी साल 31 जुलाई तक गुरुग्राम- पटौदी- रेवाड़ी हाइवे (NH- 352W) पर वाहनों के संचालन को हरी झंडी दिखा दी जाएगी. इस हाइवे के शुरू होने से दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH-48) से वाहनों का दबाव कम हो जाएगा.

Highway Single Lane

रेवाड़ी में 1 हजार करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट

NHAI ने बताया कि इस हाइवे के 90% हिस्से का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है और 31 जुलाई तक इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी. 46 किलोमीटर लंबे इस हाइवे पर 25 फ्लाईओवर और अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है. इस परियोजना पर लगभग 1,000 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च हो रही है.

उन्होंने बताया कि इस हाइवे पर इंछापुरी रेलवे लाइन के ऊपर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण को लेकर रेलवे से मंजूरी का इंतजार हो रहा था, जो पिछले सप्ताह खत्म हो गया है. वर्तमान में यहां टू-लेन का ROB है और इसके साथ ही यहां नया टू-लेन का एक और नया ROB बनाया जाएगा. अगले चार महीने के भीतर इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम की सड़कों पर जलभराव, एक्सप्रेसवे से साइबर हब तक ट्रैफिक बेहाल; 25 अगस्त को WFH सलाह

फर्राटेदार होगा सफर

द्वारका एक्सप्रेसवे से इस हाइवे को जोड़ने के लिए सेक्टर- 84 के नजदीक फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है. इस फ्लाईओवर के निर्माण से दिल्ली से रेवाड़ी की ओर जाने वाले वाहनों को पटौदी रोड से यू- टर्न लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी. वे इस फ्लाईओवर से होते हुए सीधा गुरुग्राम- पटौदी- रेवाड़ी हाइवे पर चढ़ जाएंगे. NHAI ने दावा किया है कि 3 महीने के भीतर इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा. इस नए हाइवे के शुरू होने से गुरुग्राम से रेवाड़ी का सफर बेहद आरामदायक हो जाएगा. लोगों को शहर की भीड़- भाड़ से दूर एक नए सुपरफास्ट रास्ते की सुविधा मिलेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.