हरियाणा निकाय चुनावों के लिए BJP का घोषणापत्र जारी, शहरी वोटर्स को रिझाने के लिए 19 बड़ी घोषणाएं

रोहतक | हरियाणा निकाय चुनावों के लिए सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. कांग्रेस की तरह ही बीजेपी ने भी शहरी वोटर्स को रिझाने के लिए एक दर्जन से ज्यादा लोकलुभावन घोषणाएं की है. रोहतक पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी ने निकाय चुनाव के लिए जनता के सामने संकल्प पत्र को पेश करते हुए लोगों से 19 वादे किए हैं. इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, मंत्री अरविंद शर्मा सहित कई अन्य सीनियर नेता उपस्थित रहे.

BJP

भूमि और मकान का मालिकाना हक

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 20 सालों से ज्यादा समय से काबिज सभी परिवारों को भूमि और मकान का मालिकाना हक देकर उनकी रजिस्ट्रियां करवाई जाएंगी. स्वामित्व योजना के तहत, गरीबी रेखा में आने वाले परिवारों को विशेष राहत दी जाएगी. महिलाओं के नाम मकान है, तो हाउस टैक्स में 25% की छूट मिलेगी.

जो अवैध कॉलोनियां वैध के दायरे में आ गई हैं और उनके बीच यदि कोई जगह अवैध रह गई है, तो उसे भी वैध की श्रेणी में लाया जाएगा. नगर निगम के अंतर्गत जो गांव शामिल किए गए हैं, उनके हाउस टैक्स का सरलीकरण किया जाएगा और कृषि डेरे के हाउस टैक्स में विशेष राहत दी जाएगी. जो मकान अधिग्रहित ज़मीन से मुक्त हो गए हैं, उन्हें हाउस टैक्स के विशेष टैक्स में राहत दी जाएगी.

पार्कों में विशेष सुविधा

सभी स्थानीय निकायों में आदर्श पार्क बनाए जाएंगे, जिसमें दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. ऑक्सीजन पार्क और पार्कों में योग के लिए विशेष स्थान बनाया जाएगा. ओपन जिम, स्मार्ट सड़कें और गलियों का निर्माण करवाया जाएगा. सभी पार्कों में ग्रीन वेस्ट के निराकरण के लिए मशीनें लगाएंगे.

बीजेपी ने की बड़ी घोषणाएं

  • स्थानीय निकायों में स्ट्रीट वेंडर्स, फेरी वालों को व्यवसाय स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता देंगे.
  • इसमें रासायनिक और औद्योगिक कचरे की समस्या के निवारण के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण करेंगे.
  • सभी स्थानीय निकायों में आबादी के आधार से एक अत्याधुनिक सभागार का निर्माण करेंगे.
  • बुनियादी ढांचे के साथ गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करते हुए टीयर- 2 और टीयर- 3 शहरों में आधुनिक लाइब्रेरी स्थापित करेंगे.
  • सभी स्थानीय निकायों की जल निकासी समस्या का स्थाई समाधान करेंगे.
  • सभी स्थानीय निकायों, शहरों में अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था करेंगे.
  • हर वॉर्ड में स्ट्रीट लाइटों की संख्या दोगुनी करेंगे. ऊर्जा- कुशल एलईडी अपग्रेड करेंगे और नई सौर ऊर्जा संचालित स्ट्रीट लाइटें लगाएंगे.
  • साथ ही, 1 लाख रुपए तक आय वाले परिवारों को सौर पैनल मुफ्त देंगे.
  • सभी स्थानीय निकायों के बाजारों में कम- से- कम एक पिंक टॉयलेट बनवाएंगे, जो सैनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों और शिशु देखभाल कक्षों से सुसज्जित होंगे.
  • सभी स्थानीय निकायों में सभी बैंकों को एक स्थान एकत्रित करने के लिए बैंक स्क्वायर का निर्माण करवाएंगे.
  • कम किराए पर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बढ़ावा दिया जाएगा. सभी स्थानीय निकायों में बहु- स्तरीय पार्किंग स्थल का निर्माण करवाएंगे.
  • सभी निकायों में सीवरेज और पानी के कनेक्शन के शुल्क को माफ करेंगे. सभी स्थानीय निकायों में गीले व सूखे कूड़े के निस्तारण के लिए नए संयंत्र स्थापित किए जाएंगे.
  • सभी स्थानीय निकायों में जो भी सड़कों का निर्माण होगा. उसकी गुणवत्ता और अवधि दीर्घकालीन हो, उसके निर्माण का रिकॉर्ड तैयार करेंगे.
  • बंदरों, बेसहारा गौवंश और कुत्तों की समस्या का निराकरण किया जाएगा.
यह भी पढ़े -  खुशखबरी: दिल्ली से रोहतक के बीच आवागमन करेगी DTC की इलेक्ट्रिक AC बसें, फटाफट देखें रूट
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.