रोहतक में दुष्यंत चौटाला ने साधा निशाना, बोले- “SYL और यमुना जल पर जवाब दे हरियाणा सरकार”

रोहतक | जननायक जनता पार्टी (JJP) के प्रदेश कार्यालय में संत कबीर दास जयंती समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए संत कबीर दास के विचारों को सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश बताया. उन्होंने कहा कि संत कबीर दास महान समाज सुधारक थे और उनके विचार आज भी समाज को समानता व सद्भाव का मार्ग दिखाते हैं. इस दौरान उन्होंने ‘जहां देवालय, वहां पुस्तकालय’ अभियान को लगातार आगे बढ़ाने का भी आह्वान किया.

SYL Canal

समारोह के दौरान दुष्यंत चौटाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित हरियाणा दौरे का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अपील की कि वे प्रधानमंत्री के सामने सतलुज- यमुना लिंक (SYL) नहर का मुद्दा मजबूती से उठाएं और हरियाणा के हिस्से का पानी दिलाने की मांग करें.

जताई चिंता

उन्होंने आरोप लगाया कि यमुना जल बंटवारे के मुद्दे पर भाजपा सरकार पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं कर रही है. साथ ही किशाऊ, लखवार और रेणुकाजी बांध परियोजनाओं के लिए विशेष बजट उपलब्ध कराने की मांग भी की. दुष्यंत चौटाला ने बढ़ती ईंधन कीमतों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट से वाहनों के इंजनों पर असर पड़ रहा है. उन्होंने इस विषय पर भी सरकार से गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता बताई.

नेताओं ने बताएं विचार

कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लतानी, रोहतक जिला प्रभारी हरज्ञान मोखरा, जिलाध्यक्ष डॉ. संदीप हुड्डा, एससी प्रकोष्ठ प्रभारी रमेश खटक, सुरेंद्र भागीराम, महेंद्र सुड़ाना सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे. सभी वक्ताओं ने संत कबीर दास के संदेशों को सामाजिक समानता, भाईचारे और सद्भाव की मजबूत आधारशिला बताया.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.