रोहतक | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. इंग्लैंड में आयोजित विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में रोहतक जिले के गांव रूड़की की मीनाक्षी हुड्डा ने गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ाया है. 48 किलोग्राम भारवर्ग में खेलते हुए उन्होंने यह उपलब्धि हासिल कर विश्व पटल पर हिंदुस्तान का नाम रोशन कर दिया है.
जीता खिताब
मीनाक्षी हुड्डा ने फाइनल मैच में 3 बार की विश्व चैंपियन एवं पेरिस ओलंपिक खेलों की रजत पदक विजेता कजाकिस्तान की नाजिम काइजेबे को रोमांचक मुकाबले में 4- 1 के अंतर से मात देकर वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप का खिताब जीता. उनकी जीत पर परिवार में ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में जश्न का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने कहा कि मीनाक्षी ने गोल्ड मेडल जीतकर पूरी दुनिया में गांव रूड़की का नाम रोशन कर दिया है.
कोच विजय हुड्डा ने बताया कि जुलाई में कजाकिस्तान में आयोजित हुए वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मीनाक्षी हुड्डा का फाइनल मैच कजाकिस्तान की इसी मुक्केबाज नाजिम काइजेबे के साथ था. उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इसमें मीनाक्षी को विवाद पूर्ण तरीके से हरा दिया था. इसके कारण सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था, जहां वर्ल्ड कप हो रहा था उसी देश की होने के कारण उस खिलाड़ी को फायदा हुआ. उन्होंने बताया कि मीनाक्षी ने उसी समय ठान लिया था कि इस मुक्केबाज से बदला जरूर लूंगी और अब उन्होंने अपने बदला पूरा कर लिया है.
बेटी ने बढ़ाया देश का गौरव
मीनाक्षी के पिता कृष्ण ने बताया कि बेटी की जीत से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है. उसने पूरे गांव, कोच, प्रदेश व देश का नाम रोशन कर दिया है. पूरे परिवार ने मीनाक्षी के सभी मैच लाइव देखे. पिता ने कहा कि मुझे बेटी पर गर्व है. मीनाक्षी आगे भी शानदार प्रदर्शन करके देश का नाम रोशन करेगी.
