रोहतक | खेल मैदान से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां रोहतक जिले की 17 वर्षीय युवा बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा ने चाइना ओपन टूर्नामेंट के प्री क्वार्टर मुकाबले में भारत देश की अनुभवी महिला बैडमिंटन खिलाड़ी और डबल ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधू को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया है. इस हार के साथ ही पीवी सिंधू टूर्नामेंट से बाहर हो गई है. वहीं, उन्नति हुड्डा क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापानी खिलाड़ी अकाने यागामुची के सामने होगी.
दबाव में बरकरार रखा संयम
मैच के पहले ही सेट में उन्नति हुड्डा ने गजब का खेल दिखाया और 21- 19 के अंतर से जीत हासिल की. दूसरे सेट में पीवी सिंधू ने अपने अनुभव का प्रदर्शन करते हुए दमदार वापसी की और उन्नति हुड्डा को 19- 21 से हराया. इसके बाद, तीसरा यानि फाइनल सेट पर मैच का रिजल्ट टिका हुआ था. इस सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले की संभावना जताई जा रही थी लेकिन उन्नति हुड्डा पीवी सिंधू पर भारी पड़ी और 21- 13 से तीसरा सेट जीतते हुए पीवी सिंधू जैसी ओलम्पिक पदक विजेता खिलाड़ी को हराकर हर किसी को सरप्राइज कर दिया.
7 साल की उम्र में शुरू किया था खेलना
पीवी सिंधू को हराकर बैडमिंटन की नई सनसनी बनकर उभरी उन्नति हुड्डा रोहतक जिले के गांव चमारिया की रहने वाली है. उन्होंने मात्र 7 साल की उम्र में ही बैडमिंटन खेलना शुरू कर दिया था. उन्होंने इसी साल CBSE बोर्ड से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण की है. उन्होंने छोटू राम बैडमिंटन अकादमी से प्रशिक्षण हासिल किया है.
उन्नति हुड्डा की उपलब्धियां
- 2021 में पहला टूर्नामेंट इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज खेला था. फाइनल मैच में हार का सामना करना पड़ा था.
- 2022 में ओडिशा ओपन का खिताब जीता.
- 2022 में थाईलैंड में बैडमिंटन एशिया जूनियर U- 17 और U- 15 चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल विजेता बनी.
- 2023 में अबू धाबी मास्टर्स का खिताब जीता.
- मौजूदा समय में BWF रैंकिंग में 35वें नंबर पर हैं.
