सोनीपत | खेल मैदान से हिंदुस्तान के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप के फाइनल मैच में कोरिया को हराकर खिताब जीत लिया है. इस जीत का सेहरा हरियाणा के सोनीपत शहर के मयूर विहार निवासी अभिषेक के सिर पर बंधा है. उन्होंने टूर्नामेंट में 6 गोल करते हुए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवार्ड जीता है. उनकी इस उपलब्धि से घर में खुशियां छाई हुई है.
कजाकिस्तान के खिलाफ 15- 0 की बड़ी जीत में भी अभिषेक ने 4 गोल दागकर अपने दमदार खेल का प्रदर्शन किया था. सेमीफाइनल मुकाबले में भी उन्होंने चीन के खिलाफ निर्णायक दो गोल दागकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी.
टीम के लिए साबित हो रहे संकटमोचक
साल 2022 में फ्रांस के खिलाफ मैच से इंटरनेशनल हॉकी में डेब्यू करने वाले अभिषेक ने पिछले 2 साल से बेस्ट फारवर्ड पर कब्जा कर हॉकी टीम के सबसे आक्रामक खिलाड़ी के रूप में अपनी छाप छोड़ी है. मुश्किल परिस्थितियों में अभिषेक अपने शानदार खेल की बदौलत हॉकी टीम के लिए कई बार संकटमोचक साबित हुए हैं. उन्हें विरोधी टीम की D में जाकर आक्रमक हमलों के लिए जाना जाता है.
अच्छे खिलाड़ियों में गिनती
हॉकी टीम के कप्तान भी लगातार अभिषेक पर विश्वास जताते जा रहे हैं क्योंकि ज्यादातर पेनल्टी शूटआउट में अभिषेक चुनौतियों पर खरे उतरे हैं. टीम में बतौर मिडफील्डर खेलने वाले अभिषेक अपने आक्रामक खेल की बदौलत एक नई पहचान बना चुके हैं. पूरे एशिया कप में अपने दमदार खेल की बदौलत उन्होंने साबित कर दिया है कि क्यूं उनकी गिनती अच्छे खिलाड़ियों में होती है.
